यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 05, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सहारा के प्लाजा होटल की डील जून तक संभव
दुबई-स्थित वाइट सिटी वेंचर्स के संस्थापक सहाल खान और न्यूयॉर्क स्थित हकीम ऑर्गेनाइजेशन के कामरान हकीम ने 60 करोड़ डॉलर में होटल खरीदने संबंधी करार किया

नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। भारतीय अमेरिकी होटल कारोबारी संत सिंह चटवाल को अमेरिका की नामी प्लाजा होटल का सौदा इस वर्ष जून तक हो जाने की उम्मीद है। इस होटल की नियंत्रक 70 फीसद हिस्सेदारी सहारा ग्रुप के मालिक सुब्रत राय सहारा के पास है, जिन्हें अपनी दो कंपनियों के निवेशकों को संयुक्त रूप से 20,000 करोड़ रुपये लौटाने के लिए जल्द से जल्द रकम का इंतजाम करना है। वहीं, इस होटल में चटवाल की पांच फीसद हिस्सेदारी है। यह सौदा 60 करोड़ डॉलर (करीब 3,900 करोड़ रुपये) में होना है। चटवाल का कहना था कि वे इस सौदे में शामिल होंगे।
एक अमेरिकी अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक दुबई-स्थित वाइट सिटी वेंचर्स के संस्थापक सहाल खान और न्यूयॉर्क स्थित हकीम ऑर्गेनाइजेशन के कामरान हकीम ने 60 करोड़ डॉलर में होटल खरीदने संबंधी करार किया था। अखबार के मुताबिक यह सौदा 25 जून तक हो जाएगा। रॉय और चटवाल, दोनों ने प्लाजा होटल में हिस्सेदारी वर्ष 2012 में खरीदी थी। रिपोर्ट का कहना था कि इस होटल की बाकी हिस्सेदारी कई अन्य निवेशकों के पास होने के चलते बिक्री आसान नहीं होगी।
सेबी ने जारी की 1,800 से ज्यादा डिफॉल्टरों की सूची
बाजार नियामक सेबी ने 1,819 ऐसी इकाइयों और व्यक्तियों की सूची जारी की है, जो विभिन्न मामलों में लगाए गए जुर्माने भरने में विफल रहे हैं। यह सूची सेबी की वेबसाइट पर जारी की गई है। दूसरी ओर, सेबी ने पब्लिक इश्यू से जुड़े कुछ नियमों में बदलाव की तैयारी की है। इन बदलावों में प्राइस बैंड की घोषणा के लिए अवधि कम करने और आइपीओ के समय समूह की कंपनियों से संबंधित आवश्यक जानकारियों की बाध्यता को कम करने का प्रस्ताव शामिल है।
