Move to Jagran APP

राजस्व संग्रह ने नोटबंदी की आशंकाओं को खारिज किया

नोटबंदी और उसकी वजह से संभावित मंदी की आशंका को कर राजस्व संग्रह के आंकड़ों ने खारिज कर दिया है।

By Praveen DwivediEdited By: Published: Wed, 05 Apr 2017 01:32 PM (IST)Updated: Wed, 05 Apr 2017 01:35 PM (IST)
राजस्व संग्रह ने नोटबंदी की आशंकाओं को खारिज किया
राजस्व संग्रह ने नोटबंदी की आशंकाओं को खारिज किया

नई दिल्ली: नोटबंदी और उसकी वजह से संभावित मंदी की आशंका को केंद्र सरकार के कर राजस्व संग्रह के आंकड़ों ने खारिज कर दिया है। वित्त वर्ष 2016-17 में सरकार का कर संग्रह छह साल में सबसे अधिक रहा है। इस अवधि में सरकार को 17.10 लाख करोड़ रुपये का कर राजस्व मिला है। नोटबंदी के बाद अर्थव्यवस्था की रफ्तार के धीमा पड़ने की आशंकाएं व्यक्त की गई थीं। लेकिन पहले मैन्यूफैक्चरिंग में सुधार और अब कर राजस्व संग्रह ने यह साबित कर दिया है कि ये आशंकाएं बेवजह थीं।

loksabha election banner

वित्त मंत्रालय के अनुसार वित्त वर्ष 2016-17 के लिए कर संग्रह का संशोधित लक्ष्य 16.97 लाख करोड़ रुपये था जिसमें 8.47 लाख करोड़ रुपये प्रत्यक्ष कर और 8.5 लाख करोड़ रुपये परोक्ष कर शामिल है। इससे पहले सरकार ने आम बजट 2016-17 में प्रत्यक्ष और परोक्ष कर संग्रह का लक्ष्य 16.25 लाख करोड़ रुपये रखा था जिसे बढ़ाकर बाद में 16.97 लाख करोड़ रुपये कर दिया गया। सरकार ने संशोधित लक्ष्य से भी अधिक कर संग्रह करने में सफलता पायी।

राजस्व सचिव हसमुख अढ़िया का कहना है कि कुल कर संग्रह में 18 फीसद प्रतिशत वृद्धि हुई है और यह 17.10 लाख करोड़ रुपये रहा है जो कि बीते छह साल में सर्वाधिक है। वित्त वर्ष 2016-17 में प्रत्यक्ष कर संग्रह लक्ष्य के अनुरूप 8.47 लाख करोड़ रुपये हुआ जो पूर्व वर्ष की तुलना में 14.2 फीसद अधिक है। जहां तक कॉरपोरेट टैक्स और व्यक्तिगत आयकर संग्रह में सकल वृद्धि का सवाल है तो वित्त वर्ष 2016-17 में कॉरपोरेट टैक्स में 13.1 फीसद तथा व्यक्तिगत आयकर संग्रह में 18.4 फीसद वृद्धि हुई। हालांकि आयकर विभाग ने जो रिफंड जारी किए, उन्हें घटाने के बाद शुद्ध व्यक्तिगत आयकर संग्रह में 21 फीसद तथा कॉरपोरेट टैक्स में 6.7 फीसद की वृद्धि हुई है। वित्त वर्ष 2016-17 में 1.62 लाख करोड़ रुपये के रिफंड जारी किए गए जो कि वित्त वर्ष 2015-16 की तुलना में 32.6 फीसद अधिक हैं।

परोक्ष करों के मोर्चे पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क, सेवा कर और सीमा शुल्क का संग्रह 8.63 लाख करोड़ रुपये रहा जो कि वित्त वर्ष 2015-16 के मुकाबले 22 फीसद अधिक है। केंद्रीय उत्पाद शुल्क का शुद्ध संग्रह 3.83 लाख करोड़ रुपये रहा जो कि वित्त वर्ष 2015-16 के 2.86 लाख करोड़ रुपये की तुलना में 33.9 फीसद अधिक है। वहीं सेवा कर संग्रह भी वित्त वर्ष 2016-17 में 20 फीसद से अधिक वृद्धि के साथ 2.54 फीसद रहा है। हालांकि सीमा शुल्क संग्रह में वृद्धि महज 7.4 फीसद की हुई है और 2016-17 में यह 2.26 लाख करोड़ रुपये रहा है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.