फोर्ब्स की ग्लोबल 2000 लिस्ट में मुकेश अंबानी की कंपनी टॉप पर
फोर्ब्स मैगजीन की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड भारत की सबसे बड़ी कंपनी है
नई दिल्ली (जेएनएन)। फोर्ब्स मैगजीन की ग्लोबल 2000 की लिस्ट के अनुसार इस साल मुकेश अंबानी के स्वामित्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड भारत की सबसे बड़ी कंपनी है। इस लिस्ट में बीते वर्ष की 56 कंपनी के मुकाबले 58 कंपनियों ने जगह बनाई है। फोर्ब्स के भारतीय एडिशन ने गुरुवार को जारी अपने एक बयान में बताया कि बीते वर्ष कंपनी की ओर से रिलायंस जियो इफोकॉम को देश में लॉन्च करने के बाद भारतीय शेयर बाजार में आरआईएल पर निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।
फोर्ब्स मैगजीन के मुताबिक रैंकिंग चार मापदंडों पर दी जाती है। यह मापदंड बिक्री, मुनाफा, संपत्ति और बाजार मूल्य पर आधारित है। इसमें चारों को समान महत्ता दी जाती है। लिस्ट में आरआईएल के बाद स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) है। एसबीआई इस वर्ष 244वें स्थान पर है। बीते वर्ष यह 149वें स्थान पर था। वहीं दूसरी ओर सरकारी तेल कंपनी ओएनजीसी 246वें स्थान पर है। यह बीते वर्ष 220वें स्थान पर थी।
आपको बता दें कि लिस्ट में तीन और बैंकों ने जगह बनाई है। इनमें एचएडएफसी बैंक 258वें स्थान पर, आईसीआईसीआई 31वें स्थान पर, एक्सिस बैंक 463वें स्थान पर और कोटक महिंद्रा बैंक 744वें स्थान पर है। भारतीय कंपनियों में टाटा छठे स्थान पर है। वहीं वैश्विक स्तर पर यह 290वें स्थान पर है। बीते वर्ष यह 278वें स्थान पर थी।
वैश्विक स्तर पर चीन और अमेरिका की कंपनियां टॉप 10 कंपनियों की लिस्ट में शामिल है। वर्ष 2017 की लिस्ट में लगातार पांचवें वर्ष चीन का इंडस्ट्रियल एंड कॉमर्शियल बैंक ऑफ चाइना पहले स्थान पर है। वहीं, चाइना कंस्ट्रक्शन बैंक दूसरे स्थान पर है। चीन के दो अन्य बैंक एग्रीकल्चर बैंक ऑफ चाइना और बैंक ऑफ चाइना टॉप 10 की लिस्ट में शुमार है।