RBI ने RTGS की टाइमिंग में किया बदलाव, 1 जून से ये होगी नई समय सीमा
RTGS सिस्टम के माध्यम से मनी ट्रांसफर करने वालों को आरबीआई की तरफ से बड़ी सहूलियत दी गई है।
नई दिल्ली (पीटीआइ)। RTGS सिस्टम के माध्यम से मनी ट्रांसफर करने वालों को आरबीआई की तरफ से बड़ी सहूलियत दी गई है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने अब रियल टाइम ग्रॉस सेटलमेंट (RTGS) के जरिए पैसे भेजने का समय डेढ घंटे बढ़ाकर शाम 6 बजे तक करने का निश्चय किया है। यह नई व्यवस्था 1 जून से प्रभावी हो जाएगी। आरबीआई द्वारा मंगलवार को यह जानकारी दी गई है।
आरबीआई ने एक अधिसूचना में कहा, “आरबीआई ने आरटीजीएस में ग्राहक लेनदेन के लिए समय को शाम साढे चार बजे से बढ़ाकर 6 बजे करने का फैसला किया है।” अभी शाम साढ़े चार बजे तक ही मनी ट्रांसफर की सुविधा है। आरटीजीएस में 6 बजे तक ट्रांजेक्शन की सुविधा 1 जून से ग्राहकों को मिल जाएगी।
क्या है आरटीजीएस
आरटीजीएस यानी रियल टाइम ग्रॉस सेटलमेंट वह प्रणाली है जिसके माध्यम से मनी ट्रांसफर का कार्य रियल टाइम में ही तुरंत हो जाता है। इससे व्यक्तिगत खाताधारकों या समूह में ग्राहकों को फंड ट्रांसफर किया जा सकता है। यह सिस्टम मुख्यत: बड़ी राशि के ट्रांजेक्शन के लिए प्रयोग होता है। इसके माध्यम से न्यूनतम 2,00,000 रुपये का ट्रांजेक्शन किया जा सकता है, वहीं ट्रांजेक्शन के लिए अधिकतम राशि की कोई सीमा नहीं है।
NEFT भी है लोकप्रिय माध्यम
आरटीजीएस के अलावा मनी ट्रांजेक्शन का एक अन्य लोकप्रिय माध्यम नेशनल इलेक्ट्रॉनिक फंड ट्रांसफर (NEFT) भी है। इसकी सबसे खास बात यह है कि, इसमें न्यूनतम और अधिकतम रुपयों की कोई सीमा नहीं है। इसकी कमी यह है कि, इसमें फंड ट्रांसफर एक निर्धारित समय पर ही होता है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप