राष्ट्रीय इंजीनियरिंग अकादमी के लिए चुने गए रतन टाटा
टाटा समूह के मानद चेयरमैन रतन टाटा को अमेरिका की प्रतिष्ठित राष्ट्रीय इंजीनियरिंग अकादमी के लिए चुना गया है। उनके अलावा भारतीय मूल के आठ अन्य लोगों को भी इसके लिए चुना गया। यह अमेरिका का सबसे बड़ा पेशेवर सम्मान है। रतन टाटा के नाम की घोषणा करते हुए राष्ट्रीय इंजीनियरिंग अकादमी ने अपने बयान में कहा है कि
वाशिंगटन। टाटा समूह के मानद चेयरमैन रतन टाटा को अमेरिका की प्रतिष्ठित राष्ट्रीय इंजीनियरिंग अकादमी के लिए चुना गया है। उनके अलावा भारतीय मूल के आठ अन्य लोगों को भी इसके लिए चुना गया। यह अमेरिका का सबसे बड़ा पेशेवर सम्मान है।
रतन टाटा के नाम की घोषणा करते हुए राष्ट्रीय इंजीनियरिंग अकादमी ने अपने बयान में कहा है कि भारत के औद्योगिक विकास में उनका उल्लेखनीय योगदान है। रतन उन 11 नए विदेशी सदस्यों में से एक हैं जिन्हें इसके लिए चुना गया है। इस शीर्ष अमेरिकी संस्थान ने 69 नए सदस्यों का चुनाव किया है जिनमें से आठ भारतीय मूल के इंजीनियर हैं। इस अकादमी के लिए चुना जाना किसी भी इंजीनियर के लिए सबसे बड़े सम्मान की बात होती है।
इस अकादमी में सदस्यता सम्मान उन्हीं लोगों को दिया जाता है जिन्होंने इंजीनियरिंग अनुसंधान, व्यवहार, शिक्षा यहां तक कि इंजीनियरिंग साहित्य रचना में उल्लेखनीय योगदान किया हो। साथ ही उन्होंने प्रौद्योगिकी के नए और विकासशील क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाई हो और इंजीनियरिंग के परंपरागत क्षेत्र में भी उन्नति की हो।
एमआइटी और हार्वर्ड विश्वविद्यालय में ऑनलाइन शिक्षा के अध्यक्ष अनंत अग्रवाल को भी अकादमी ने सदस्य चुना है। इसके अलावा पीजेएम इंटरकनेक्शन के वरिष्ठ सलाहकार पी. भवराजू, पर्यावरण ऊर्जा प्रौद्योगिकी विभाग के निदेशक और वरिष्ठ वैज्ञानिक अशोक गाडगिल का भी नाम इसमें है। यूपीएस फांउडेशन के प्रोफेसर विजय कुमार, न्यूक्लियर पावर सेफ्टी के प्रोफेसर बाज राज सहगल, जूनिपर नेटवकर्स के संस्थापक प्रदीप सिंधु और हॉलटेक इंटरनेशनल के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी कृष्ण सिंह को भी अकादमी का सदस्य चुना गया है।