पेट्रोल की बढ़ती कीमत के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार जिम्मेदार: प्रधान
देश में नकदी की किल्लत पर सफाई देते हुए प्रधान ने कहा कि नोटों की कोई कमी नहीं है
नई दुनिया। पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने एक सवाल के जवाब में कहा कि ऐसा नहीं है कि पेट्रोल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, इससे पहले कीमत में गिरावट भी आई है। पेट्रोल के बढ़ते दाम के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार जिम्मेदार है। प्रधान बुधवार को झांसी में राज मिस्त्रियों के सम्मान कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।
उन्होंने कहा कि कीमतों में प्रतिदिन उछाल और गिरावट आती है। उसी को ध्यान में रखते हुए हम प्रतिदिन पेट्रोल के दाम निर्धारित करते हैं। वैसे भी पेट्रोल की कीमत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तय होती है। पेट्रोल के बढ़े हुए दाम के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार ही जिम्मेदार है। पेट्रोल को जीएसटी के दायरे में लाने के सवाल के जवाब में पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि सभी की सहमति बनने के बाद पेट्रोल भी जीएसटी के दायरे में आ जाएगा, लेकिन पेट्रोल जीएसटी के दायरे में कब तक आ जाएगा, यह मंत्री स्पष्ट रूप से नहीं बता सके।
देश में नकदी की किल्लत पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि नोटों की कोई कमी नहीं है। सरकार कड़ाई से काम कर रही है, जो लोग 2000 के नोट दबाए हुए हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
क्या है वर्तमान स्थिति:
1.75 लाख करोड़ रुपए की करेंसी स्टॉक में
आरबीआई ने 500 रुपए के नोट की छपाई दोगुना करने का वादा किया
देश में 18 लाख करोड़ रुपए की करेंसी प्रचलन में
नोटबंदी से पूर्व यह आंकड़ा 17.5 लाख करोड़ रुपए था