PhonePe की ग्रोथ ने पकड़ी रफ्तार, पार हुआ 100 करोड़ ट्रांजेक्शन का आंकड़ा
फोन-पे ने मात्र 26 महीनों में ट्रांजेक्शन के मामले में कीर्तिमान रचने का काम किया है
नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। भारत में तेजी से पापुलर हो रहे पेमेंट प्लेटफॉर्म फोन-पे ने अपनी मोबाइल एप पर 100 करोड़ डिजिटल पेमेंट ट्रांजेक्शन का आंकड़ा पार कर लिया है। यह एक अहम आंकड़ा है जो कि बताता है कि इसने कितनी तेजी से ग्रोथ की है और लोगों ने इसे बड़े पैमाने पर इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है।
इस एप ने यह कीर्तिमान महज 26 महीनों में रचा है जो कि इंडियन पेमेंट स्पेस में अब तक किसी ने नहीं किया है। जून 2018 में फोन पे ने 100 मिलियन यूजर्स का आंकड़ा पार किया था। वर्तमान में भारत के अधिकांश व्यापारी यूपीआई (यूनीफाईड पेमेंट सर्विस) का इस्तेमाल कर रहे हैं और इसमें फोन-पे काफी आसानी से काम कर रहा है। वहीं बीते महीने फोन-पे का सालाना टीपीवी रन रेट 38 बिलियन डॉलर के स्तर पर पहुंच गया था।
फोन-पे के को-फाउंडर और सीईओ ने बताया, "100 करोड़ के रोमांचक आंकड़े को लेकर हम उत्साहित हैं, हमने अविश्वसनीय गति के साथ इसे प्राप्त किया है और इसने हमारे सामने अपार संभावनाएं प्रस्तुत करने का काम किया है। फोनपे ने जिस ग्रोथ और स्वीकार्यता के स्तर को प्राप्त किया है वो हमारी उम्मीदों से परे है और इस मील के पत्थर को हासिल करने के लिए हम अपनी मदद करने वाले सभी उपयोगकर्ताओं का धन्यवाद अदा करते हैं।"
PhonePe: PhonePe के जरिए UPI को सबसे आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है। इसे फ्लिपकार्ट ने पेश किया था। इसका इंटरफेस भी काफी आसान बनाया गया है जिससे यूजर्स आसानी से पेमेंट कर पाएंगे। UPI अकाउंट के अलावा इससे फोन, डीटीएच, बिल पेमेंट, मूवी टिकट आदि का पेमेंट किया जा सकता है। इस एप से 24 घंटों में 1 लाख तक की ट्रांजेक्शन की जा सकती है। यह एप हिंदी, बंगाली, तमिल, कन्नड़, मलयालम, गुजराती, आसामी और मराठी भाषा का सपोर्ट दिया गया है।