कच्चे तेल में फिर आया उबाल, नवंबर 2014 के बाद पहली बार WTI क्रूड हुआ 70 डॉलर के पार
डब्ल्यूटीआई क्रूड फ्यूचर्स चार फीसद बढ़कर 69.76 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गया
नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। अमेरिका में सोमवार को डब्ल्यूटीआई क्रूड 70 डॉलर प्रति बैरल के आंकड़े को पार कर गया। WTI क्रूड का यह आंकड़ा साल 2014 के नवंबर महीने के बाद का उच्चतम स्तर है। वहीं दूसरी ओर ब्रेंट क्रूड अपने रिकॉर्ड हाई स्तर पर है। वेनेजुएला में गहरा रहे आर्थिक संकट के चलते कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। अब इस बात को लेकर चिंता और बढ़ गई है कि क्या अमेरिका ईरान के साथ हो रही डील से पीछे हट जाएगा और तेहरान पर फिर से प्रतिबंध लागू कर देगा।
शुक्रवार को अमेरिका का वेस्ट टैक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड फ्यूचर्स चार फीसद बढ़कर 69.76 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गया। डब्ल्यूटीआई का यह स्तर नवबंर 2014 के बाद से अबतक का उच्चतम स्तर रहा है। ईरान वर्ष 2016 में एक बार फिर से सबसे बड़े तेल निर्यातक के रूप से उभरकर आया था। यह तब संभव हुआ था जब ईरान पर से न्यूक्लियर प्रोग्राम के चलते वैश्विक प्रतिबंध हटाये गये थे।
ईरान की ईमानदारी पर शक करते हुए ट्रंप ने 12 मई को एक्सपायर होने वाले सेंक्शन (प्रतिबंध) वेवर की तारीख को न बढ़ाते हुए वर्ष 2015 के एग्रीमेंट से पीछे हट जाने की चेतावनी दी है। इससे ईरान के तेल निर्यात पर कमी देखने को मिल सकती है। विश्लेषक तेल उत्पादक वेनेजुएला में चल रहे आर्थिक संकट के खिलाफ भी चेतावनी दे रहे हैं।
क्या है कच्चे तेल के भाव-
भारतीय समयानुसार करीब सुबह के 10.45 बजे डब्ल्यूटीआई क्रूड 0.96 फीसद की बढ़त के साथ 70.39 के स्तर पर कारोबार करता देखा गया। वहीं, ब्रेंट क्रूड 1.06 फीसद की बढ़त के साथ 75.66 के स्तर पर कारोबार करता देखा गया।