टाटा के ताज में जड़ सकता है नया हीरा ‘नोएल’
टाटा समूह से साइरस मिस्त्री को रुखसत कर देने के बाद अगला चेयरमैन कौन होगा, यह सवाल अगले चार महीने तक ग्रुप को मथता रहेगा
जमशेदपुर (माधव): टाटा समूह से साइरस मिस्त्री को रुखसत कर देने के बाद अगला चेयरमैन कौन होगा, यह सवाल अगले चार महीने तक ग्रुप को मथता रहेगा। दौड़ में फिर कई नाम आएंगे। समूह ने खोज समिति गठित कर दी है। 2012 में जब साइरस मिस्त्री समूह के मुखिया बने थे, तब चेयरमैन पद की दौड़ में रतन के सौतेले भाई नोएल टाटा भी थे। 57 वर्षीय नोएल टाटा परिवार से होने के अलावा पलोनजी मिस्त्री के दामाद भी हैं। उनकी शादी साइरस मिस्त्री की बहन अलू से हुई है। इसीलिए एक बार फिर नजरें नोएल पर हैं।
यह भी पढ़ें- जानिए, साइरस की लीडरशिप में किन कंपनियों ने दिया 100% तक रिटर्न, किसने किया निराश
कौन हैं नोएल:
रतन टाटा की ही तरह नोएल भी अंतमरुखी व्यक्तित्व के हैं। सुर्खियों से दूर रहते हैं। इतने बड़े परिवार से होने के बाद भी उन्होंने अपनी पहचान मृदुभाषी, सादे लिबास में रहने वाले और लो-प्रोफाइल व्यक्ति के तौर पर बनाई है। नोएल ने हमेशा से ही टाटा संस के चेयरमैन पद के लिए अनिच्छा जताई। वर्ष 2012 में उन्हें यह पहले से पता था कि चेयरमैन चयन के लिए बनी समिति के सदस्यों में साइरस मिस्त्री भी हैं और वह इस पद के दावेदारों में से भी हैं। वह साइरस के चेयरमैन बनते ही उन्हें सबसे पहले बधाई देने वालों में थे। फिलहाल नोएल टाटा समूह के इंटरनेशनल ऑपरेशंस के हेड हैं। उनका कारोबारी अनुभव भी जबरदस्त है। 2012 में तो नोएल के शुभचिंतकों ने उनके पक्ष में अलग से वेबसाइट बनाकर इस पर उन्हें चेयरमैन बनाने के लिए मुहिम छेड़ दी थी। अलबत्ता नोएल की ओर से इसे अनधिकृत वेबसाइट बताया गया।
ये पांच ‘रतन’ चुनेंगे टाटा का अगला चेयरमैन, जानिए सर्च कमेटी में कौन कौन है शामिल
नोएल का प्रोफाइल:
नोएल टाटा ब्रिटेन व फ्रांस में पढ़े-लिखे हैं। 12 सालों तक समूह की रिटेल कंपनी ट्रेंट की कमान संभाली। अपनी बड़ी प्रतिद्वंद्वियों के मुकाबले ट्रेंट मुनाफे रही है। इस फर्म ने टेस्को से गठजोड़ भी कर रखा है। नोएल को हमेशा से शांतचित्त व्यक्ति और सतत प्रदर्शन करने वाले के तौर पर जाना गया है। जून, 2011 में टाटा इंटरनेशनल का एमडी बनने के बाद से ही उन्होंने फुटवियर रिटेलिंग में हाथ आजमाया, निर्यात को बढ़ाया और अधिग्रहण पर जोर दिया।