लॉकडाउन से सप्लाई चेन बुरी तरह प्रभावित, मौजूदा हालात जटिल एवं अप्रत्याशित: अमिताभ कांत
भारत में 25 मार्च से ही लॉकडाउन लागू है जो तीन मई तक चलेगा। देश में कोरोनावायरस को फैलने से रोकने के लिए यह फैसला किया गया है।
नई दिल्ली, पीटीआइ। नीति आयोग के सीइओ अमिताभ कांत ने शनिवार को कहा कि लॉकडाउन की वजह से भारत का सप्लाई चेन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कांत ने 'कोविड-19 एंड द फ्युचर ऑफ वर्क' पर आयोजित एक वर्चुअल सेशन को संबोधित करते हुए कहा कि इस महामारी से अलग तरह की चुनौती पैदा हुई है जो जटिल भी हैं और अप्रत्याशित भी। कांत ने कहा, ''हम बहुत मुश्किल भरे हालात का सामना कर रहे हैं। हमारी आपूर्ति श्रृंखला बुरी तरह प्रभावित होगी।''
भारत में 25 मार्च से ही लॉकडाउन लागू है जो तीन मई तक चलेगा। देश में कोरोनावायरस को फैलने से रोकने के लिए यह फैसला किया गया है। इस सत्र में हिस्सा लेते हुए वर्ल्ड बैंक के कंट्री डायरेक्टर (इंडिया) जुनैद कमाल अहमद ने कहा कि विकासशील देशों के लिए यह समझना जरूरी है कि उनके काम करने के हिसाब से परिस्थितियों में बदलाव होगा। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना एक बहुत बढ़िया फैसला था लेकिन आने वाले वर्षों में भारत इससे आगे जाएगा।
टीमलीज के चेयरमैन मनीष सबरवाल ने कहा, ''वर्क फ्रॉम होम से निरंतरता मिली है लेकिन उत्पादकता भी सुनिश्चित करनी होगी। लंबी अवधि में हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि रिमोट वर्किंग सभी के लिए फायदेमंद है।''
नैसकॉम की अध्यक्ष देबजानी घोष ने कहा कि कोविड-19 महामारी से देश के कार्यस्थल में बहुत बड़ा बदलाव आएगा। हीरो इंटरप्राइज के चेयरमैन सुनील मुंजाल ने इस मौके पर कहा, ''हम अच्छी स्थिति में हैं। हमें कोविड-19 संकट को बेहतर तरीके से संभालने वाला माना जा रहा है। हमारे पार अधिक आइडिया और प्रतिभा को आकर्षित करने की क्षमता है..।''