Share Market: बाजार में भारी गिरावट: सेंसेक्स 336 अंक टूटा, निफ्टी 12,000 के ऊपर बंद
आज सुबह सेंसेक्स 8.09 अंकों की बढ़त के साथ 41138.26 पर खुला जबकि निफ्टी आज करीब 5 अंकों की गिरावट के साथ 12146.20 पर खुला।
नई दिल्ली, बिजनेस डेस्क। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स 336.36 अंकों की गिरावट के साथ 40,793.81 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी 95.10 अंकों की कमी के साथ 12,056.05 पर बंद हुआ। निफ्टी के 50 शेयरों में से 42 शेयर हरे निशान और 8 शेयर बिना बदलाव के बंद हुए। आज सुबह सेंसेक्स 8.09 अंकों की बढ़त के साथ 41,138.26 पर खुला, जबकि निफ्टी आज करीब 5 अंकों की गिरावट के साथ 12,146.20 पर खुला।
निफ्टी के जिन शेयरों में उछाल आया उनमें INFRATEL, ADANIPORTS, BHARTIARTL, HDFCBANK NTPC के शेयर रहे, वहीं गिरावट वाले शेयरों में ZEEL, HINDUNILVR, DRREDDY, TATAMOTORS और M&M के शेयर रहे।
हालांकि साप्ताहिक आधार पर सेंसेक्स 434.40 अंक की बढ़त दर्ज करने में सफल रहा। वहीं निफ्टी भी 141.65 अंक सुधार के साथ बंद हुआ।जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के रिसर्च प्रमुख विनोद नायर के मुताबिक हफ्ते के आखिरी कारोबारी सत्र पर यूस-चीन के बीच हांगकांग मुद्दे पर तनातनी का नकारात्मक प्रभाव पड़ा। इसके अलावा जीडीपी आंकड़ों के कम रहने की आशंका के चलते भी प्रॉफिट बुकिंग को बल मिला। सेंसेक्स पैक में सप्ताह के आखिरी कारोबारी सत्र के दौरान यस बैंक के शेयरों में सबसे ज्यादा 2.50 परसेंट की गिरावट आई।
एचयूएल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एसबीआइ, टाटा मोटर्स और वेदांता के शेयरों में भी 2.37 परसेंट तक की गिरावट देखी गई। दूसरी ओर एयरटेल, एचडीएफसी बैंक और एनटीपीसी के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। बीएसई में एनर्जी, मेटल, ऑटो, ऑयल एंड गैस और कैपिटल गुड्स कंपनियों के शेयरों में 1.46 परसेंट की गिरावट दर्ज की गई। वहीं टेलीकॉम, रियल्टी, यूटिलिटीज और पावर सेक्टर के शेयर 2.54 परसेंट उछाल के साथ बंद हुए। एशिया के अन्य बाजारों में हांगकांग, टोक्यो, और सियोल के बाजार लाल निशान पर बंद हुए। हालांकि यूरोप के शेयर बाजार अपने शुरुआती कारोबार के दौरान बढ़त दर्ज करने में सफल रहे।