छह हजार कर्मियों की छंटनी की तैयारी में मलेशिया एयरलाइंस
मलेशिया एयरलाइंस कंपनी के कर्मचारियों पर जल्द ही छंटनी की गाज गिरने वाली है। इस वर्ष अपने दो विमानों का नुकसान झेलने के बाद कंपनी ने इस भरपाई के लिए लगभग छह हजार कर्मियों के छंटनी की योजना बनाई है। इसके तहत कंपनी के कुल 20,000 कर्मचारियों में से लगभग तीस फीसद कर्मचारियों की छंटनी की जाएगी।
कुआलालंमपुर। मलेशिया एयरलाइंस कंपनी के कर्मचारियों पर जल्द ही छंटनी की गाज गिरने वाली है। इस वर्ष अपने दो विमानों का नुकसान झेलने के बाद कंपनी ने इस भरपाई के लिए लगभग छह हजार कर्मियों की छंटनी की योजना बनाई है। इसके तहत कंपनी के कुल 20,000 कर्मचारियों में से लगभग तीस फीसद कर्मचारियों की छंटनी की जाएगी।
पिछले कुछ वर्षो से लगातार घाटे में चल रही मलेशिया एयरलाइंस कंपनी अब पूरी तरह से सरकारी कंपनी बन जाएगी। कर्मचारियों की छंटनी की जिम्मेदारी भी इसके नए मुख्य कार्यकारी को सौंप दी जाएगी। इस रिकवरी योजना की लागत करीब 1.9 अरब डॉलर होगी। सरकारी निवेश कंपनी खजाना नैशनल की इस कंपनी में 69 फीसदी हिस्सेदारी रही है लेकिन अब इसके पास कंपनी के 100 फीसद हिस्से का स्वामित्व होगा।
गौरतलब है कि मार्च में मलेशिया एयरलाइंस का एमएच 370 विमान लापता हो गया था। यह विमान कुआलालंपुर से बीजिंग की उड़ान पर था। इस विमान की खोज अभी तक जारी है। वहीं 17 जुलाई को कंपनी के दूसरा विमान पूर्वी यूक्रेन में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस विमान पर मिसाइल से हमला हुआ था। इस विमान की भी जांच अभी तक चल रही है। इस हादसे में विमान में सवार चालक दल समेत करीब 295 यात्रियों की मौत हो गई थी।