जापान की मदद से बेंगलुरु में विकसित होगा स्टार्टअप हब
भारत और जापान इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के प्रस्ताव पर आगे बातचीत करने को भी राजी हो गए हैं।
नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। सरकार जापान की मदद से बेंगलुरु में एक स्टार्टअप हब विकसित करेगी। इसके अलावा जापान ने भारत को साइबर सुरक्षा के मामले में अपने देश के समान सिस्टम तैयार करने में मदद का भी प्रस्ताव दिया है। दोनों देश इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के प्रस्ताव पर आगे बातचीत करने को भी राजी हो गए हैं।
जापान के वित्त, व्यापार और उद्योग मंत्री हीरोशिगे सेको ने एक प्रतिनिधिमंडल के साथ मंगलवार को पहले केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आर. के. सिंह और बाद में केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक व आइटी मंत्री रवि शंकर प्रसाद के साथ बैठक की। दोनों बैठकों में आपसी सहयोग और समान हित वाले क्षेत्रों में मिलकर काम करने पर बातचीत हुई।
प्रसाद के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत में बेंगलुरु में स्टार्टअप हब विकसित करने के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई। इससे प्रधानमंत्री की स्टार्टअप इंडिया स्कीम को प्रोत्साहन मिलेगा। प्रसाद ने बैठक में कहा कि दोनों देश मिलकर जापान की हार्डवेयर क्षमता और भारत की सॉफ्टवेयर दक्षता का लाभ उठा सकते हैं। इसके अतिरिक्त दोनों देशों ने साइबर सिक्योरिटी के मामले में मिलकर काम करने की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की। सेको ने जापान की तर्ज पर भारत में साइबर सिक्योरिटी का ढांचा खड़ा करने का प्रस्ताव दिया तो प्रसाद ने एक भारत-जापान संयुक्त साइबर सिक्योरिटी सेल गठित करने का प्रस्ताव रखा। इस पर जापानी प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस प्रस्ताव को वह अपनी सरकार के समक्ष रखेंगे।
इससे पहले ऊर्जा मंत्री के साथ हुई बैठक में एनर्जी सिक्योरिटी और क्लाइमेट चेंज के मुद्दे पर चर्चा हुई। दोनों देशों ने बिजली के उत्पादन में कोयला आधारित बिजलीघरों की महत्ता को स्वीकारा और बिजली उत्पादन के पूरे ढांचे में संतुलन बनाने की जरूरत बतायी।
एलएनजी इन्फ्रास्ट्रक्चर बनाने पर प्रधान से बातचीत
पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान और जापान के वित्त, व्यापार और उद्योग मंत्री हीरोशिगे सेको ने पेट्रोलियम क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा की। भारत में एलएनजी इन्फ्रास्ट्रक्चर बनाने के लिए सहयोग बढ़ाने पर दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई। वार्ता के बाद प्रधान ने कहा कि दोनों देशों ने एशिया व अफ्रीका में एनर्जी प्रोजेक्टों के लिए संयूक्त उपक्रम बनाने की संभावनाओं पर भी विचार किया। प्रधान ने जापान के साथ बातचीत के बारे में जानकारी ट्वीट करके दी।’