साल 2025 तक 5 ट्रिलियन डॉलर की हो जाएगी भारतीय अर्थव्यवस्था: गर्ग
विश्वबैंक की विकास समिति की 97वीं बैंठक में गर्ग ने कहा कि भारत विश्व की सबसे तेज वृद्धि वाली बड़ी अर्थव्यवस्था बना रहेगा
नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। भारत दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था बने रहने के लिए तैयार है और इसकी जीडीपी के साल 2025 तक 5 ट्रिलियन डॉलर के स्तर तक पहुंचने की उम्मीद है। ऐसा इसलिए क्योंकि भारत में पिछले कुछ सालों के आर्थिक सुधारों के परिणाम मिलने शुरू हो गए हैं। यह बात आर्थिक मामलों के सचिव सुभाष चंद्र गर्ग ने विश्वबैंक से कही है।
दक्षिण एशियाई देशों- भूटान, नेपाल, बांग्लादेश और श्रीलंका का अवलोकन करते हुए आर्थिक मामलों के सचिव सुभाष चंद्र गर्ग ने बताया कि भारत इस क्षेत्र में विकास का केंद्र बन गया है। विश्वबैंक की विकास समिति की 97वीं बैंठक में गर्ग ने कहा, ‘‘भारत विश्व की सबसे तेज वृद्धि वाली बड़ी अर्थव्यवस्था बना रहेगा। हमारा अनुमान है कि 2018 में भारत 7.4 फीसद की दर से वृद्धि करेगा।’’
उन्होंने वर्ल्ड बैंक से कहा कि कहा कि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) जैसे बड़े सुधार और दिवाला एवं ऋणशोधन संहिता, बैंकों का पुनर्पूंजीकरण तथा आधारभूत संरचना के लिए निवेश जैसी पहलों से आर्थिक वृद्धि को बल मिलेगा।
बीते 4 साल के दौरान देश के औसतन 7.2 फीसद की दर से वृद्धि करने का हवाला देते हुए गर्ग ने कहा, ‘‘बीते 4 साल में अर्थव्यवस्था में पंजीकृत या औपचारिक क्षेत्र के विस्तार एवं डिजिटल वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए देश में कई व्यापक संरचनात्मक सुधार किए गए हैं।’’ गर्ग ने आगे कहा, “डिजिटलीकरण, वैश्वीकरण, अनुकूल जनसांख्यिकी और संरचनात्मक सुधारों के दम पर भारत की जीडीपी के 2025 तक 5 हजार अरब डॉलर के बराबर तक पहुंच जाने का अनुमान है।”