7.8 फीसद की रफ्तार से बढ़ेगा भारत : एडीबी
देश की आर्थिक विकास दर को लेकर एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने अपने अनुमानों को बनाए रखा है। गुरुवार को एडीबी ने दोबारा कहा कि वित्त वर्ष 2015-16 के दौरान भारत की विकास दर 7.8 फीसद बनी रहेगी। फिलहाल उसने चेतावनी दी है कि भूमि व टैक्सेशन संबंधी सुधारों में
नई दिल्ली। देश की आर्थिक विकास दर को लेकर एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने अपने अनुमानों को बनाए रखा है। गुरुवार को एडीबी ने दोबारा कहा कि वित्त वर्ष 2015-16 के दौरान भारत की विकास दर 7.8 फीसद बनी रहेगी। फिलहाल उसने चेतावनी दी है कि भूमि व टैक्सेशन संबंधी सुधारों में देरी से आर्थिक वृद्धि प्रभावित हो सकती है।
मार्च में जारी एशियाई विकास परिदृश्य की पूरक रिपोर्ट में 2015 के लिए चीन की आर्थिक वृद्धि का अनुमान घटाकर सात फीसद कर दिया गया है। यह पहले 7.2 फीसद था। 2016 में चीन की आर्थिक विकास दर के 6.8 फीसद रहने की भविष्यवाणी की गई है। एडीबी की पूरक रिपोर्ट कहती है कि चालू वित्त वर्ष के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि का अनुमान 7.8 फीसद और 2016-17 में 8.2 फीसद पर अपरिवर्तित है। अच्छा मानसून और नया निवेश इसे सहारा देंगे।
एडीबी ने कहा कि उद्योग के लिए भूमि अधिग्रहण आसान बनाने और समान वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) लागू करने से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण कानून पारित कराने में और देरी से वृद्धि की संभावनाओं को जोखिम पैदा हो सकता है। भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर 2014-15 में 7.3 फीसद थी। फिलहाल एडीबी ने एशिया के लिए विकास का अनुमान घटाकर 6.1 फीसद कर दिया। यह पहले 6.3 फीसद था।