सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'ये 3 ताकतवर लोग नहीं होने दे रहे हैं भारत के साथ ट्रेड डील', लीक ऑडियो क्लिप से US में खलबली! निशाने पर कौन?

Published: Mon, 26 Jan 2026 07:21 PM (GMT+05:30)

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में गतिरोध पर अमेरिकी राजनीति में खींचतान सामने आई है। सीनेटर टेड क्रूज ने व्हाइट हाउस के ...और पढ़ें

भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील पर पिछले कई महीनों से बातचीत जारी है।

भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील पर पिछले कई महीनों से बातचीत जारी है।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

वाशिंगटन। भारत के साथ अटकी द्विपक्षीय व्यापार समझौते (India-US Trade Deal) को लेकर अमेरिकी राजनीति में अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ गई है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की ही रिपब्लिकन पार्टी के प्रभावशाली सीनेटर टेड क्रूज ने इस गतिरोध के लिए व्हाइट हाउस के शीर्ष नेतृत्व को जिम्मेदार ठहराया है। क्रूज ने आरोप लगाया है कि व्हाइट हाउस सलाहकार पीटर नवारो, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और स्वयं राष्ट्रपति ट्रंप भारत के साथ ट्रेड डील को आगे बढ़ने नहीं दे रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, दानदाताओं के साथ निजी बैठकों में क्रूज ने बताया कि वह भारत के साथ व्यापार समझौते को लेकर लगातार व्हाइट हाउस से जूझ रहे हैं। जब एक दानदाता ने पूछा कि प्रशासन में कौन इस समझौते को बिगाड़ रहा है, तो क्रूज ने सीधे तौर पर नवारो, वेंस और ट्रंप का नाम लिया।

लीक हुआ ऑडियो क्लिप

एक 10 मिनट की ऑडियो क्लिप में क्रूज को यह कहते हुए सुना गया है कि ट्रंप कई बार खुद ही “रोड़ा अटका देते हैं।'' हालांकि, इस आडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं हो सकी है और बताया जा रहा है कि यह रिकार्डिंग 2025 के मध्य की हो सकती है। टेक्सास से रिपब्लिकन सीनेटर टेड क्रूज को 2028 के राष्ट्रपति चुनाव का संभावित दावेदार माना जा रहा है। वह पहले भी ट्रंप की टैरिफ नीति की आलोचना कर चुके हैं।

क्रूज का कहना है कि बेतहाशा टैरिफ से अमेरिकी अर्थव्यवस्था को गंभीर नुकसान हो सकता है और इससे राष्ट्रपति के खिलाफ महाभियोग जैसी स्थिति भी बन सकती है। क्रूज ने यह भी दावा किया कि अप्रैल 2025 में ट्रंप ने आक्रामक टैरिफ नीति शुरू की थी, जिस पर उन्होंने और कुछ अन्य सीनेटरों ने राष्ट्रपति से लंबी बातचीत की थी। क्रूज के अनुसार, इस मुद्दे पर ट्रंप से आधी रात तक चर्चा चली और उन्हें समझाने की कोशिश की गई कि टैरिफ से “सब कुछ गड़बड़ हो जाएगा।''

क्यो नाराज हुए थे ट्रंप?

उस दौरान ट्रंप कथित तौर पर नाराज थे और सीनेटरों पर झल्ला रहे थे। गौरतलब है कि भारतीय उत्पादों पर अमेरिका द्वारा लगाए गए 50 प्रतिशत टैरिफ से भारत-अमेरिका संबंधों में खासी तल्खी आई है। इसमें से 25 प्रतिशत टैरिफ दंडात्मक है, जो भारत द्वारा रूस से तेल खरीदने के कारण लगाया गया है। दोनों देशों के बीच ट्रेड डील को अंतिम रूप देने के लिए कई दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन भारत के कृषि और डेयरी सेक्टर को अमेरिकी कंपनियों के लिए खोलने से इन्कार के चलते व्यापक सहमति नहीं बन पाई है।

ये भी पढ़ें- मुकेश अंबानी की रिलायंस ने रूस से 1 बूंद तेल नहीं खरीदा, लेकिन Indian Oil ने तोड़ दिया रिकॉर्ड! आखिर ऐसा क्यों हुआ?

इस बीच, वाणिज्य मंत्री हावर्ड लुटनिक ने हाल ही में दावा किया था कि व्यापार समझौता इसलिए अटका है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच सीधी बातचीत नहीं हो पा रही है। खुद ट्रंप ने भी माना है कि रूस से तेल खरीदने पर लगाए गए टैरिफ के कारण प्रधानमंत्री मोदी उनसे नाखुश हैं और उन्होंने संकेत दिया था कि भविष्य में टैरिफ और बढ़ाए जा सकते हैं। यह बयान ऐसे समय आया है, जब दोनों देश व्यापार समझौते पर बातचीत की कोशिश कर रहे हैं।