फोर्ब्स ने जारी की अमीरों की सूची, मुकेश अंबानी 33वें पायदान पर और बिल गेट्स टॉप पर
फोर्ब्स की ओर से जारी की गई सूची में टॉप 10 में कोई भारतीय शामिल नहीं, मुकेश अंबानी 33वें पायदान पर
नई दिल्ली। फोर्ब्स मैगजीन ने दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों की सूची जारी की है। इस सूची में माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स लगातार चौथे वर्ष शीर्ष पर रहे हैं, जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 220 स्थान फिसलकर 544वें स्थान पर आ गए हैं। सूची में टॉप 10 में कोई भी भारतीय शामिल नहीं है। लिस्ट में 101 भारतीयों को जगह मिली है। इनमें सबसे आगे रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख मुकेश अंबानी 33वें पायदान पर हैं, जबकि बीते वर्ष उनका स्थान 36वां था।
फोर्ब्स के अरबपतियों की इस सूची में 101 भारतीय शामिल हैं, जिनमें से 13 न्यूकमर्स हैं। टॉप पांच भारतीयों में 23.2 अरब डॉलर की कुल संपत्ति के साथ मुकेश अंबानी सबसे आगे हैं। बीते वर्ष के 36वें स्थान की तुलना मे इस साल 33वें स्थान पर काबिज हुए हैं। इनके बाद लक्ष्मी मित्तल 56वें नंबर पर 16.4 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ हैं। सूची में अजीम प्रेमजी 72वें, दिलीप सांघवी 84वें और शिव नाडर 102वें स्थान पर हैं।
बिल गेट्स कुल 86 अरब डॉलर (5.67 लाख करोड़ रुपए) की संपत्ति के साथ पहले स्थान पर है। इस तरह गेट्स हर घंटे 65 करोड़ रुपये कमाते हैं। गेट्स के बाद दूसरे नंबर पर कुल संपत्ति 75.6 अरब डॉलर के साथ बर्कशर हैथवे के प्रमुख वॉरेन बफे हैं।
फोर्ब्स की इस सूची में टॉप 10 में तीसरे नंबर पर अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस, 5वें पर फेसबुक प्रमुख मार्क जुकरबर्ग और ऑरेकल के सह संस्थापक लैरी एलिसन 7वें स्थान पर हैं।
फोर्ब्स ने बताया कि बीते वर्ष की तुलना में दुनिया में अरबपतियों की संख्या में 13 फीसद के इजाफे के साथ 2,043 हो गई है। लिस्ट में शामिल अरबपतियों में 565 अमेरिका, 319 चीन और 114 जर्मनी से हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 544वें स्थान पर
इस सूची में अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रटपति डोनाल्ड ट्रंप 220 पायदान फिसलकर 544वें स्थान पर आ गए हैं। इनकी कुल संपत्ति 3.5 अरब डॉलर है। इसकी वजह फोर्ब्स ने मैनहट्टन रियल एस्टेट बाजार में आई सुस्ती। को बताया।