अमेरिका के विरुद्ध डब्ल्यूटीओ जा सकता है भारत
भारत के करीब 2000 उत्पादों पर से आयात छूट हटाए जाने के अमेरिकी फैसले को लेकर भारत कई विकल्पों पर विचार कर रहा है।
नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। भारत के करीब 2,000 उत्पादों पर से आयात छूट हटाए जाने के अमेरिकी फैसले को लेकर भारत कई विकल्पों पर विचार कर रहा है। इसमें से एक विकल्प विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटी) की विवाद समिति में अपील करना भी है। सूत्रों ने कहा कि अन्य विकल्पों के तहत भारत अमेरिकी फैसले की जद में आने वाले सेक्टरों के निर्यातकों को वित्तीय सहयोग भी कर सकता है। इसके अलावा बदले की कार्रवाई करते हुए अमेरिकी उत्पादों पर भी शुल्क थोपा जा सकता है।
अमेरिका ने मंगलवार को अपने जनरलाइज्ड सिस्टम ऑफ प्रेफरेंसेज (जीएसपी) कार्यक्रम के तहत दिए जाने वाले आयात शुल्क लाभ को वापस लेने का फैसले की घोषणा की थी। यह शुल्क लाभ 1-6 फीसद के दायरे में दिया जा रहा है। जीएसपी कार्यक्रम के तहत अमेरिका कुछ खास विकासशील देशों के कुछ खास उत्पादों को एकतरफा आधार पर शुल्क मुक्त आयात की सुविधा दे रहा है।
फिलहाल करीब 121 विकासशील देशों को यह सुविधा मिल रही है। इन देशों में भारत, ब्राजील, अफगानिस्तान और बोत्सवाना जैसे देश शामिल हैं। अमेरिका के इस फैसले से इस योजना के तहत आने वाला भारत का 5.6 अरब डॉलर का आयात प्रभावित हो सकता है। अमेरिका की ओर से छूट खत्म की जाने की स्थिति में भारत के इन 2,000 उत्पादों पर अमेरिका में शुल्क लगने लगेगा। इससे अमेरिका में इनकी कीमत बढ़ जाएगी।