कैम्ब्रिज एनालिटिका होगी बंद, फेसुबक डाटा लीक का असर
कैम्ब्रिज एनालिटिका भारत में एससीएल इंडिया से जुड़ा है
नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। सोशल मीडिया नेटवर्किग साइट फेसबुक का डाटा चोरी करने के मामले में विवादों में घिरी कैम्ब्रिज एनालिटिका कंसल्टेंसी अब बंद होने जा रही है। ब्रिटेन में कंपनी के संस्थापक के हवाले से बुधवार को वॉल स्ट्रीट जरनल में यह रिपोर्ट प्रकाशित हुई है। वॉल स्ट्रीट जरनल के अनुसार एससीएल ग्रुप के संस्थापक निगेल ओक्स ने इस बात की पुष्टि की है कि उनकी दोनों कंपनियां बंद हो रही हैं।
अनाम सूत्र के हवाले से बताया गया है कि फेसबुक संबंधी जांच को लेकर कंपनी अपने ग्राहकों को खोती जा रही है। साथ ही फेसबुक प्रकरण के ही चलते उस पर कानूनी फीस का बोझ भी बढ़ता जा रहा है। हालांकि कंपनी की ओर से फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं आई है। फेसबुक के 8.7 करोड़ यूजर्स का डाटा चोरी कर राजनीतिक फायदे के लिए उसका उपयोग करने के आरोप लगने के बाद से कैम्ब्रिज एनालिटिका कंपनी विवादों में है। अमेरिका, भारत समेत कई देशों के राजनीतिक परिदृश्य को बदलने की कोशिश की गई है। आरोप है कि कंपनी ने अमेरिका में 2016 के डोनाल्ड ट्रंप के चुनाव प्रचार को भी प्रभावित किया था।
कैम्ब्रिज एनालिटिका भारत में एससीएल इंडिया से जुड़ा है। इसकी वेबसाइट के मुताबिक यह लंदन के एससीएल समूह और ओवलेनो बिजनेस इंटेलिजेंस (ओबीआई) प्राइवेट लिमिटेड का ज्वाइंट वेंचर है। जानकारी के लिए बता दें कि कंपनी पर फेसबुक के पांच करोड़ सदस्यों से जुड़ी जानकारियों का गलत इस्तेमाल करने का आरोप है।