कैसे बनें अंबानी के घर का बावर्ची? एंटीलिया हाउस की रसोई तक पहुंचने से पहले पास करने होते हैं ये लेवल, सैलरी भी जानिए
मुकेश अंबानी के एंटीलिया हाउस में शेफ बनने की प्रक्रिया बेहद कठिन है, जिसमें चार कड़े स्तरों को पार करना होता है।

एंटीलिया में शेफ बनने के तरीके
HighLights
एंटीलिया में शेफ को ₹2 लाख तक मासिक वेतन मिलता है।
चयन प्रक्रिया में चार कड़े स्तरों को पार करना होता है।
अंबानी परिवार के लिए शाकाहारी व्यंजन बनाने में निपुणता आवश्यक है।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| भारत ही नहीं एशिया से दूसरे सबसे अमीर शख्स मुकेश अंबानी अपनी नेटवर्थ के अलावा लाइफ स्टाइल के लिए सुर्खियों में रहते हैं। अंबानी फैमिली और उनका घर एंटीलिया हाउस अपनी विरासत और स्टाइल के लिए जाने जाते हैं। उनके घर से लेकर उनके घरों में काम करने वाले लोगों पर भी खूब लेख लिखे-पढ़े जाते हैं। आज आपको उनके घर का शेफ बनने की प्रोसेस बताते हैं।
मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया की रसोई में शेफ बनना किसी बड़े कॉर्पोरेट की टॉप रैंक नौकरी पाने जैसा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यहां काम करने वाले शेफ को करीब ₹2 लाख प्रति महीन तक का वेतन मिलता है, जिसके साथ हेल्थ इंश्योरेंस और बच्चों की शिक्षा के लिए भत्ते जैसे कॉर्पोरेट लाभ भी मिलते हैं। लेकिन एंटीलिया की रसोई तक पहुंचना इतना आसान नहीं है। इसके लिए कैंडीडेट्स को बेहद कड़े 4 मुख्य लेवल्स को पार करना होता है।
क्वालिफिकेशन क्या होनी चाहिए
आप कितना अच्छा खाना पकाते हैं सिर्फ इस आधार पर आप अंबानी परिवार के घर किसी भी पारंपरिक हाउस हेल्प के तौर पर काम नहीं कर सकते। शेफ के पद के लिए अप्लाई करना होता है। इसके लिए उम्मीदवार के पास होटल मैनेजमेंट या कलिनरी आर्ट्स में डिग्री या डिप्लोमा होना अनिवार्य है। इसके अलावा, कैंडीडेट को किसी फाइव-स्टार होटल या लक्जरी हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में काम करने का अच्छा-खासा अनुभव होना चाहिए।
रिटेन एग्जाम
अप्लाई करने के बाद उम्मीदवारों को एक मुश्किल कॉर्पोरेट-स्टाइल लिखित परीक्षा से गुजरना पड़ता है। इस परीक्षा में मुख्य रूप से कई पहलुओं को परखा जाता है। जैसे कम समय में बेहतर काम करने की क्षमता। अचानक आने वाली किसी भी इमरजेंसी या दबाव को संभालने की स्किल और कार्य के प्रति ईमानदारी जैसी चीजें दिखानी होती हैं।
प्रैक्टिकल कुकिंग
एग्जाम में पास करने वालों को इंटरव्यू और प्रैक्टिकल टेस्ट के लिए बुलाया जाता है। यहां शेफ को अंबानी परिवार के स्वाद और पसंद के अनुसार खाना बनाकर दिखाना होता है। चूंकि अंबानी परिवार शुद्ध शाकाहारी है, इसलिए पारंपरिक गुजराती व्यंजन, दाल-रोटी, सलाद और थाई या कॉन्टिनेंटल शाकाहारी व्यंजनों पर शेफ की पकड़ बेहद मजबूत होनी चाहिए। बता दें कि अंबानी फैमिली के भोजन की स्वच्छता (Hygiene) और सटीकता के मानक फाइव-स्टार होटल से भी ऊंचे होते हैं।
बैकग्राउंड और पुलिस वेरिफिकेशन
एंटीलिया की सुरक्षा बेहद कड़ी है, इसलिए लास्ट सिलेक्शन से पहले कैंडीडेट का बेहद बारीकी से बैकग्राउंड चेक किया जाता है। इसके लिए एक्सपर्ट्स थर्ड-पार्टी एजेंसियों को काम सौंपा जाता है, जो उम्मीदवार के आधार, पैन, पते और पुराने ट्रैक रिकॉर्ड की पूरी जांच करती हैं। इसके साथ ही पुलिस वेरिफिकेशन भी अनिवार्य रूप से पास करना होता है। उम्मीदवारों को गोपनीयता बनाए रखने के लिए एक सख्त Confidentiality Clause भी साइन करना होता है ताकि घर के अंदर की बातें बाहर न जाएं।
ये भी पढ़ें: मुगलकाल से लेकर आधुनिक पावरलूम और पहली कपड़ा मिल का दिलचस्प इतिहास, अंग्रेजों के दौर से पहले भी आबाद था सूरत!
कैसे होती है भर्तियां
एंटीलिया के लिए वैकेंसी का कोई सार्वजनिक विज्ञापन नहीं निकाला जाता। इनकी भर्ती आमतौर पर रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) के आंतरिक करियर्स विभाग, विशेष थर्ड-पार्टी लक्जरी भर्ती एजेंसियों या हाई-प्रोफाइल प्रोफेशनल्स के रेफरल्स के माध्यम से ही की जाती हैं। देश के कुछ मशहूर होटल में काम करने वाले प्रोफेशनल्स को ही प्राथमिकता दी जाती है। आप सीधे अंबानी के घर में शेफ का काम नहीं शुरू कर सकते।
