बाढ़ प्रभावित केरल पहुंचने वाली वस्तुओं की आपूर्ति पर नहीं लगेगा जीएसटी: पीयूष गोयल
बाढ़ से जूझ रहे केरल को राहत देते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट के जरिए इस राज्य में वस्तुओं की आपूर्ति पर जीएसटी से राहत की बात कही है
नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। पानी के बीच अपने अस्तित्व को बचाने की जद्दोजहद कर रहे केरलवासियों को केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। केंद्र सरकार ने केरल में पहुंचने वाली वस्तुओं की आपूर्ति पर जीएसटी न लगाने का फैसला किया है। दक्षिण भारतीय राज्य केरल में जीवन देने वाला पानी आज आफत बन चुका है और इस ऑफत के चलते ही 20 अगस्त तक करीब 223 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
बाढ़ से जूझ रहे केरल को राहत देते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट के जरिए इस राज्य में वस्तुओं की आपूर्ति पर जीएसटी से राहत की बात कही है। गोयल ने अपने ट्वीट में लिखा, "आवश्यकता की इस घड़ी में भारत केरल के साथ खड़ा है। केंद्र सरकार प्रभावित लोगों के लिए विदेश से आ रही या आयातित सहायता एवं राहत सामग्री पर बुनियादी सीमा शुल्क और आईजीएसटी से छूट दे रही है।"
आईजीएसटी को इंटीग्रेटेड गुड्स एंड सर्विस टैक्स कहा जाता है। यह वस्तु एवं सेवाओं की अंतर-राज्यीय आपूर्ति पर केंद्र सरकार की ओर से लगाया जाता है। इस संबंध में एक नोटिफिकेशन आज (मंगलवार) को जारी किया जा सकता है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के हवाले से यह जानकारी सामने आई है। बाद में इस अधिसूचना को जीएसटी काउंसिल की बैठक में रखा जाएगा। यह टैक्स छूट 31 दिसंबर 2018 तक लागू होगी।
केरल की मदद को आगे आएं देशवासी : संघ
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने देशवासियों से अप्रत्याशित बाढ़ की विभीषिका का सामना कर रहे केरल की मदद करने की अपील की है। सरकार्यवाह सुरेश भैय्या जोशी ने कहा है कि यद्यपि केंद्र सरकार और राज्य सरकार सहित कई सामाजिक संगठन युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं, लेकिन संकट अतिविकट होने के चलते सभी को इसके लिए आगे आना होगा।