Gold Rate on 29 Jan: घट गए सोने के दाम, चांदी में भी आई भारी गिरावट, जानिए भाव
Gold Rate on 29 Jan चांदी में बुधवार को 1083 रुपये की गिरावट दर्ज की गई है। इस गिरावट से अब चांदी का भाव 46610 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया है।
नई दिल्ली, पीटीआइ। सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने और चांदी दोनों की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। सोने में बुधवार को 182 रुपये की गिरावट आई है। इस गिरावट से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अब सोने की कीमत 41,019 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई है। एचडीएफसी सिक्युरिटीज के अनुसार, रुपये में मजबूती के चलते सोने की कीमत में यह गिरावट दर्ज की गई है। गौरतलब है कि सोना मंगलवार को 41,201 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
सोने के साथ ही चांदी में बुधवार को भारी गिरावट दर्ज की गई है। चांदी में बुधवार को 1,083 रुपये की गिरावट दर्ज की गई है। इस गिरावट से अब चांदी का भाव 46,610 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया है। गौरतलब है कि चांदी मंगलवार को 47,693 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुई थी। औद्योगिक इकाइयों और सिक्का कारोबारियों की लिवाली कम होने के चलते चांदी में यह गिरावट देखी गई है।
एचडीएफसी सिक्युरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटी) तपन पटेल ने बताया कि दिल्ली में 24 कैरेट सोने के दाम में भी बुधवार को 182 रुपये की गिरावट दर्ज की गई है। वैश्विक स्तर पर सोने की कीमतों में गिरावट और रुपये की मजबूती के चलते सोने में यह गिरावट दर्ज की गई है। साथ ही उन्होंने बताया कि भारतीय रुपया गुरुवार को एक डॉलर के मुकाबले 12 पैसे मजबूत होकर कारोबार कर रहा था।
भारतीय रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में एक डॉलर के मुकाबले 10 पैसे मजबूत होकर 71.21 पर ट्रेंड कर रहा था।
वहीं, वैश्विक बाजार की बात करें, तो सोना मामूली बढ़त के साथ 1,568 डॉलर प्रति औंस पर और चांदी 17.47 डॉ़लर प्रति औंस पर ट्रेंड कर रही थी।