Gold Futures price: सोने की कीमतों में लगातार तीसरे दिन गिरावट, रिकॉर्ड स्तर से 2,300 रुपये टूटा
Gold Futures price MCX एक्सचेंज पर अक्टूबर महीने का चांदी का फ्यूचर भाव 0.60 फीसद अर्थात 281 रुपये की गिरावट के साथ 46311 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया है।
नई दिल्ली, बिजनेस डेस्क। सोने की कीमतों में अब गिरावट का दौर नजर आने लगा है। आज गुरुवार को लगातार तीसरे दिन सोने में गिरावट देखी गई है। MCX एक्सचेंज पर अक्टूबर महीने की सोने की फ्यूचर कीमत 0.62 फीसद अर्थात 233 रुपये की गिरावट के साथ 37,616 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है। वैश्विक स्तर पर सोने की कीमतों में गिरावट इसका कारण बना है।
सोने के साथ ही चांदी में भी गिरावट आई है। MCX एक्सचेंज पर अक्टूबर महीने का चांदी का फ्यूचर भाव 0.60 फीसद अर्थात 281 रुपये की गिरावट के साथ 46,311 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया है।
लगातार तीन दिन गिरावट होने से सोने की कीमत इस महीने के प्रारंभ में आए अपने 39,885 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड उच्चतम भाव से 2,300 रुपये प्रति 10 ग्राम कम हो गई है। वहीं, चांदी भी इसके उच्चतम स्तर 51,489 रुपये प्रति किलोग्राम से करीब 5,000 रुपये प्रति किलोग्राम टूट चुकी है।
वैश्विक स्तर की बात करें, तो गुरुवार को सोने की कीमत गिरावट के साथ 1,492.15 डॉलर प्रति औंस पर बनी हुई थी। बता दें कि इसी महीने की शुरुआत में वैश्विक स्तर पर सोने की कीमतें छह साल के उच्चतम स्तर 1,550 डॉलर प्रति औंस पर आ गई थी। सोने की कीमतों में यह तेजी यूएस-चाइना ट्रेड वॉर के चलते आर्थिक सुस्ती की आशंकाओं के बीच आई थी।
अब चूंकि यूएस-चाइना ट्रेड वॉर के सुलझने के संकेत बन रहे हैं, तो सोने की कीमतों में भी गिरावट देखी जा रही है।