प्रदूषण घटाने को GAIL ने शुरू किया चेंज योर हेबिट अभियान
गेल की तरफ से जारी एक बयान के मुताबिक सरकार के स्वच्छ भारत अभियान की तर्ज पर इस पहल की शुरुआत की गई है
नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। वायु प्रदूषण के खिलाफ गेल (इंडिया) के अभियान ‘हवा बदलो’ ने एक अनूठी पहल ‘चेंज युअर हैबिट, चेंज युअर हैबिटेट’ की शुरुआत की है। इसके तहत आम जनता को वायु प्रदूषण के खिलाफ शपथ लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
गेल इंडिया के मुताबिक हवा बदलो अभियान तीन शहरों दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के विभिन्न कालेजों, कॉरपोरेट कार्यालयों और ईंधन पंपों तक पहुंचेगा। इसके अतिरिक्त आम जनता को वायु प्रदूषण के खतरों के बारे में शिक्षित करेगा। इस अभियान के तहत लोगों को हवा की गुणवत्ता में सुधार लाने के तरीकों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
गेल की तरफ से जारी एक बयान के मुताबिक सरकार के स्वच्छ भारत अभियान की तर्ज पर इस पहल की शुरुआत की गई है। यह भारतीयों को स्वच्छ हवा की दिशा में प्रयास करने के लिए प्रेरित करेगा।
मानवीय गतिविधियों के कारण पर्यावरण प्रदूषण के परिणामों के बारे में जागरूकता फैलाना हवा बदलो अभियान का मुख्य उद्देश्य है। इसमें सीएनजी, इलेक्टिक वाहनों को अपनाना, कार पूल, परिवहन के सार्वजनिक साधनों का इस्तेमाल के लिए प्रेरित किया जाएगा। हवा बदलो स्थायी पर्यावरण के निर्माण और इस दृष्टि से सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हवा बदलो अभियान आम नागरिकों के साथ जुड़कर देश के लोगों को वायु प्रदूषण से सुरक्षित बनाएगा।