फरवरी के आखिरी हफ्ते 5 दिन बंद रहेंगे बैंक
अगर आपकों बैंकों में कोई काम है तो उसे जल्द निपटा लें क्योंकि इस महीने लगातार पांच दिन बैंक बंद रहेंगे। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक कर्मचारियों ने हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है। चार दिन की हड़ताल के बाद पांचवां दिन रविवार होने के कारण छुट्टी है।
नई दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक कर्मचारी यूनियनों ने देशभर के बैंको से 25 से 28 फरवरी तक हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है। हड़ताल की घोषणा के बाद महीने के आखिरी हफ्ते में केवल दो दिन ही बैंक खुले रहेंगे। चार दिन की हड़ताल के बाद पांचवां दिन रविवार होने के कारण छुट्टी है।
वेतनमान वृद्धि के बारे में इंडियन बैंक एसोसिएशन (आइबीए) की पेशकश से अंसतुष्ट सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक कर्मचारी यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के बैनर तले सभी बैंक कर्मचारी हड़ताल पर जाएंगे।
आइबीए ने वेतनमान में बढोतरी की अपनी पेशकश को 11 प्रतिशत से 12.5 प्रतिशत और आज 13 प्रतिशत किया है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के समन्वयक एम वी मुरली ने बताया कि आईबीए ने आज वेतनवृद्धि में सिर्फ आधा प्रतिशत सुधार कर इसे 13 प्रतिशत किया जो कि हमारे लिए अस्वीकार्य है।
यूनियनों ने वेतन में 19 प्रतिशत वृद्धि की मांग की है। नेशनल आर्गेनाइजेशन ऑफ बैंक वर्कर्स के महासचिव अश्विनी राणा ने कहा कि सर्वसम्मति से फैसला किया गया है कि बैंक कर्मी 25-28 फरवरी तक चार दिन की हड़ताल पर रहेंगे। अगर यह हड़ताल हुई तो इसका बजट के दौरान सरकारी धन अंतरण पर असर होगा।