पूर्व गृह सचिव राजीव महर्षि हो सकते हैं अगले CAG
शशिकांत शर्मा मई 2013 से ही कैग पद पर हैं
नई दिल्ली (जेएनएन)। पूर्व गृह सचिव राजीव महर्षि के भारत के अगले नियंत्रक और महालेखा परीक्षक (कैग) होने की संभावना है। यह जानकारी सूत्रों के हवाले से सामने आई है। आपको बता दें कि शशिकांत शर्मा का बतौर कैग कार्यकाल अगले महीने खत्म हो रहा है।
सूत्रों के मुताबिक शर्मा का कार्यकाल खत्म होने के बाद खाली होने वाले पद के लिए राजीव महर्षि टॉप च्वाइस बनकर उभरे हैं। सूत्र का कहना है कि इसके लिए आधिकारिक आदेश जल्द ही जारी किया जा सकता है। वहीं सीनियर ब्यूरोक्रेट राजीव गाबा ने गुरुवार को नए होम सेक्रेटरी का पद संभाल लिया है।
कितने वर्षों के लिए होती है कैग की नियुक्ति: नियंत्रक और महालेखा परीक्षक (कैग) की नियुक्ति आमतौर पर 6 साल के लिए होती है या फिर मौजूदा कैग की उम्र 65 वर्ष होने तक या फिर इनमें से जो भी पहले हो। 25 सितंबर 1952 को जन्मे शर्मा मई 2013 से ही कैग पद पर हैं।
एक संवैधानिक अधिकारी के रूप में, कैग को मुख्य रूप से केंद्र सरकार और भारत की राज्य सरकारों के खातों का लेखा-जोखा ऑडिट करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।