फोर्ब्स ने जारी की लिस्ट, 100 अमीरों में चार भारतीय महिलाएं शामिल
फोर्ब्स ने दुनिया के 100 अमीरों की नई सूची जारी की है। जहां एक ओर भारतीय पुरुषों में अनिल अंबानी ने अपना दबदबा बरकरार रखा है
नई दिल्ली: फोर्ब्स ने दुनिया के 100 अमीरों की नई सूची जारी की है। जहां एक ओर भारतीय पुरुषों में अनिल अंबानी ने अपना दबदबा बरकरार रखा है वहीं महिलाओं में ओ पी जिंदल समूह की चेयरपर्सन सावित्री जिंदल और बायोटेक की दिग्गज किरण मजूमदार शॉ समेत 4 महिलाओ ने जगह बनाई है।
इस लिस्ट में शामिल दो अन्य महिलाओं में हेवेल्स के संस्थापक विनोद गुप्ता की पत्नी और यूएसवी फार्मा की चेयरपर्सन लीना तिवारी भी शामिल हुई हैं। इन चारों महिलाओं की संयुक्त संपत्ति 11.28 बिलियन यूएस डॉलर है, जबकि सभी 100 लोगों की कुल नेटवर्थ 381 बिलियन यूएस डॉलर है। बिजनेस मैगजीन फोर्ब्स की एनुअल इंडियन रिच लिस्ट के मुताबिक जिंदल भारत की सबसे अमीर महिला हैं जिनकी नेटवर्थ 5.2 बिलियन यूएस डॉलर है।
सूची में शामिल चारों महिलाओं में सावित्री जिंदल के बाद विनोद गुप्ता 2.5 बिलियन यूएस डॉलर की नेटवर्थ के साथ 46वें स्थान पर, 1.8 बिलियन यूएस डॉलर की नेटवर्थ के साथ किरण मजूमदार शॉ 65वें स्थान पर और 1.62 बिलियन की नेटवर्थ के साथ लीना तिवारी का नाम आता है। गुप्ता के बारे में जिक्र करते हुए फोर्ब्स का कहना है कि बढ़ती लाइटिंग और इलेक्ट्रिकल फिक्शर्स के सेल्स की मदद से हेवल्स के शेयर्स में उछाल देखने को मिला था। इस कंपनी के संस्थापक गुप्ता के पति थे। अब इस कंपनी को उनका छोटा बेटा अनिल राय गुप्ता संचालित करता है जो खुद इस वर्ष इस सूची में शामिल हुआ है।
हेवेल्स ने यूरोप की लाइट निर्माण कंपनी सिल्वानिया का 80 फीसदी स्टेक दिसंबर में 160 मिलियन यूएस डॉलर में शंघाई फेलियो एकॉस्टिक्स को बेच दिया था। हाल ही में कंपनी ने होम ऑटोमेशन प्रोडक्ट्स और सोलर स्ट्रीटलाइट बेचने शुरू कर दिए हैं। फोर्ब्स के मुताबिक देश की सबसे अमीर एवं आत्म-निर्भर महिला मजूमदार शॉ हैं।