Flight Ticket Price Hike: हवाई सफर हुआ आपकी पहुंच के बाहर! टिकटों के दाम में लगी आग, इन रूट्स पर बढ़े रेट्स
त्योहारी सीजन में हवाई टिकटों के दाम में भारी उछाल आया है, कुछ रूट्स पर किराया 340% तक बढ़ गया ...और पढ़ें
-1788923823925_m.webp)
हवाई सफर हुआ आपकी पहुंच के बाहर!
HighLights
त्योहारी सीजन में हवाई टिकटों के दाम में भारी उछाल।
कुछ रूट्स पर किराया 340% तक बढ़ा, बजट प्रभावित।
सीटें भरने और ईंधन लागत वृद्धि मुख्य कारण।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: अगर आप दीवाली या दुर्गा पूजा की छुट्टियों में फ्लाइट से घर जाने का प्लान बना रहे हैं, तो जरा अपना बजट चेक कर लीजिए। त्योहारी सीजन (Festive season) शुरू होते ही हवाई किराये (Flight ticket price) में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। आलम यह है कि जो टिकट आम दिनों में महज ₹2800 में मिल जाता था, उसके दाम अब पीक डेट्स पर ₹12,500 तक पहुंच गए हैं। कई रूट्स पर तो किराये में 340% तक की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
रिपोर्ट्स की मानें तो सबसे ज्यादा महंगाई उन रूट्स पर देखने को मिल रही है जहां कम प्रतिस्पर्धा है या सिर्फ एक ही एयरलाइन सीधी उड़ान (Direct flight) दे रही है। आइए डिटेल में जानते हैं त्योहारी सीजन में किन रूट्स पर कितना किराया बढ़ा है।
महंगे हुए प्रमुख फ्लाइट रूट्स और उनके दाम
1. कोलकाता से देवघर: यह रूट महंगाई का सबसे बड़ा शिकार हुआ है। दुर्गा पूजा के दौरान इस रूट का सामान्य किराया करीब ₹2800 रहता है, लेकिन पीक डेट्स पर यह बढ़कर ₹12,500 के पार पहुंच गया है।
2. दिल्ली से पटना: आम दिनों में नॉन-स्टॉप इकोनॉमी टिकट ₹3500 से ₹4500 में मिलता है, लेकिन अब किराया ₹12,500 से ऊपर जा चुका है। आखिरी समय की बुकिंग पर यह ₹13,500 से भी ज्यादा हो सकता है।
3. दिल्ली से अगत्ती: इस रूट पर टिकट सामान्य दिनों में ₹8,500 रुपये का होता है, जो अब बढ़कर लगभग ₹25,000 रुपये तक पहुंच गया है।
4. बेंगलुरु से झारसुगुड़ा: दीवाली के आसपास इस रूट का किराया ₹4200 रहता है, लेकिन अब इसके लिए ₹16200 से ज्यादा चुकाने पड़ेंगे।
5. मुंबई से बरेली: इस रूट पर सामान्य दिनों में किराया ₹4500 रहता है, लेकिन अब यह ₹15000 हो गए हैं।
6. मुंबई से कोलकाता: दुर्गा पूजा में पीक दिनों में यह किराया ₹11,500 से ₹14,500 तक पहुंच गया है , आम दिनों में यह लगभग ₹5000 तक रहता है।
आखिर क्यों इतनी बढ़ रही हैं कीमतें?
एयरलाइन्स का सिस्टम ऐसा है कि जैसे-जैसे फ्लाइट की सीटें भरती जाती हैं, बचे हुए टिकट की कीमत अपने आप बढ़ जाती है। 1 सितंबर से एयरलाइंस के लिए इस्तेमाल होने वाले एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमत में 5.46% की बढ़ोतरी की गई है, जिससे यह 121.28 रुपये प्रति लीटर हो गया है। एयरलाइन की कुल लागत का 35-40% हिस्सा सिर्फ ईंधन पर खर्च होता है।
तो अगर आप भी त्योहारों पर हवाई सफर करने वाले हैं, तो जल्द ही अपनी टिकट बुक कर लें।
