Dhanteras 2018: धनतेरस पर ज्वैलर्स से रहें सावधान, ऐसे खुद समझिए कितना शुद्ध है आपका सोना
गहनों में हॉलमार्किंग सेंटर के लोगो के साथ सोने की शुद्धता भी लिखी होती है। उसी में ज्वैलरी के निर्माण का वर्ष और उत्पादक का लोगो भी बना होता है
नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। धनतेरस और दिवाली के मौके पर आमतौर पर लोग थोड़ा बहुत सोना खरीदते ही हैं। ऐसे में अगर आप इस बार भी सोने के कुछ आभूषण या शगुन के तौर पर कुछ सोना खरीदने की योजना बना रहे हैं तो आपको सावधान रहने की जरूरत है। ऐसा इसलिए क्योंकि ऐसा भी हो सकता है कि आप बाजार से जो सोना खरीद रहे हैं वो उतना शुद्ध न हो जितना की ज्वैलर्स ने आपको बताया है। ऐसे में आपको घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि हम आपको अपनी इस खबर में आपको वो सारी जानकारियां दे रहे हैं जिसकी मदद से आप आसानी से जान सकते हैं कि आपने जो सोना खरीदा है वो कितना शुद्ध है और आपने जो उसकी कीमत चुकाई है वो कितनी जायज है।
आमतौर पर लोग शिकायत करते हैं कि उन्हें उनकी ओर से अदा की गई कीमत के लिहाज से वाजिब शुद्धता वाला सोना नहीं मिला। आपको यह जानकर निश्चित तौर पर हैरानी होगी कि आपके गहने में लिखे अंक ही यह बताने के लिए काफी होते हैं कि आपका सोना कितना शुद्ध है। हम अपनी इस रिपोर्ट के माध्यम से आपको असली सोने की पहचान के बारे में बताने जा रहे हैं।
जान लें कि 24 कैरेट गोल्ड की नहीं बनती ज्वैलरी: सबसे पहली बात यह कि असली सोना 24 कैरेट का ही होता है, लेकिन इसके आभूषण नहीं बनते, क्योंकि वो बेहद मुलायम होता है। आम तौर पर आभूषणों के लिए 22 कैरेट सोने का इस्तेमाल किया जाता है, जिसमें 91.66 फीसदी सोना होता है। हॉलमार्क पर पांच अंक होते हैं। सभी कैरेट का हॉलमार्क अलग होता। मसलन 22 कैरेट पर 916, 21 कैरेट पर 875 और 18 पर 750 लिखा होता है। इससे शुद्धता में शक नहीं रहता।
हॉलमार्किंग के नीचे लिखी होती है सोने की शुद्धता: गहनों में हॉलमार्किंग सेंटर के लोगो के साथ सोने की शुद्धता भी लिखी होती है। उसी में ज्वैलरी के निर्माण का वर्ष और उत्पादक का लोगो भी बना होता है। ज्वैलरी में एक अंक लिखा होता है जिसके तहत असली सोने की पहचान की जाती है।
आप खुद तय करें क्या है गोल्ड की सही कीमत: बुलियन मार्केट की भाषा में कैरेट गोल्ड का मतलब होता हे 1/24 फीसद गोल्ड। आमतौर पर आभूषण 22 कैरेट के बनते हैं। ऐसे में 22 को 24 से भाग देकर उसे 100 से गुणा करें। यानी (22/24)x100 = 91.66 यानी आपके आभूषण में इस्तेमाल सोने की शुद्धता 91.66 फीसदी होगी। इसी के आधार पर आप अपने सोने का सही रेट तय कर पाएंगे। उदाहरण के तौर पर अगर 24 कैरेट सोने के दाम 32,100 रुपए है तो इसके सही दाम 32,100/24)x22=29,425 रुपए होंगे।
वहीं अगर आप 18 कैरेट गोल्ड खरीद रहे हैं तो इसकी कीमत 32,100/24)x18=24,075 रुपए होगी। आमतौर पर ज्वैलर्स 18 कैरेट गोल्ड ही आपके सामने पेश करते हैं।
शुद्धता के हिसाब से आभूषणों में ये अंक अंकित होते हैं:
- 24 कैरेट: 99.9
- 23 कैरेट: 95.8
- 22 कैरेट: 91.6
- 21 कैरेट: 87.5
- 18 कैरेट: 75.0
- 17 कैरेट: 70.8
- 14 कैरेट: 58.5
- 9 कैरेट: 37.5
उदाहरण से समझिए कि अगर ज्वैलर ने आपको बताया है कि उसने जो अंगूठी बनाई है वो 22 कैरेट की है, तो उसपर 916 अंक जरूर लिखा होगा। यह अंक मैग्निफाइंग ग्लास से देखा जा सकता है। यह अंक पुष्ट करता है कि आपकी अंगूठी 22 कैरेट की ही है। ऐसे में आप अगर अगली बार सोना खरीदने ज्वैलर्स के पास जाएं तो इन बातों को जरूर ध्यान में रखें। ऐसा करके आप किसी भी तरह की धोखाधड़ी से खुद को बचा सकते हैं।