साइरस मिस्त्री ने चंद्रशेखरन की नियुक्ति पर खड़े किए सवाल, फैसले के खिलाफ जा सकते हैं कोर्ट
टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री ने एन चंद्रशेखर की नियुक्त के फैसले का विरोध किया है।
नई दिल्ली: टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री ने नटराजन चंद्रशेखर को उनकी जगह नियुक्त किए जाने के फैसले का विरोध किया है। सूत्रों के मुताबिक टाटा संस के इस फैसले के खिलाफ मिस्त्री कानूनी कार्यवाही की तैयारी भी कर सकते हैं। बीते हफ्ते टाटा संस की बोर्ड बैठक से ठीक एक दिन पहले साइरस मिस्त्री ने अपने सहकर्मचारी को गुस्सा जाहिर करते हुए एक पत्र लिखकर चंद्रशेखर की नियुक्ति की कानूनी वैधता पर सवाल खड़े किए थे। यह बोर्ड बैठक चेयरमैन के रूप में नटराजन चंद्रशेखर पर विचार करने के लिए होने वाली थी।
गौरतलब है कि साइरस मिस्त्री ने नटराजन चंद्रशेखरन को टाटा संस का चेयरमैन बनाने का ऐलान होने के अगले दिन हुई बोर्ड मीटिंग में हिस्सा नहीं लिया था।
इस पूरे मामले की जानकारी रखने वाले एक अधिकारी ने बताया, “अक्टूबर में हुई बोर्ड मीटिंग से पहले उसका जो अजेंडा सर्कुलेट किया गया था, उसमें मिस्त्री को बर्खास्त करने के कदम का जिक्र नहीं था। हालांकि उसी बैठक में मिस्त्री को हटाने का निर्णय किया गया था। उससे ठीक विपरीत इस बार की बोर्ड मीटिंग में मेंबर्स को पहले से पता था कि क्या हो सकता है। मिस्त्री अब भी टाटा संस में डायरेक्टर हैं और अजेंडा के पेपर्स उनके पास भी पहुंचे थे। उसके बाद उन्होंने मेल भेजा था।”
मिस्त्री की ओर से किसी भी कानूनी कार्रवाई की डिटेल्स की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन कुछ लोगों का मानना है कि वह कोर्ट में नई शिकायत दर्ज करा सकते हैं। आपको बता दें कि साइरस मिस्त्री को पिछले साल 24 अक्टूबर को बर्खास्त किया गया था और रतन टाटा ने टाटा संस के अंतरिम चेयरमैन के तौर पर जिम्मेदारी संभाल ली थी।