Crude Oil की कीमतों में गिरावट, गुरुवार को आई थी एक दिन की सबसे बड़ी तेजी
Crude Oil की कीमतों में शुक्रवार को गिरावट दर्ज की गई है। इससे पिछले सत्र में क्रूड ऑयल में एक दिन की सबसे बढ़ी तेजी देखने को मिली थी।
नई दिल्ली, रॉयटर्स। क्रूड ऑयल की कीमतों में शुक्रवार को गिरावट दर्ज की गई है। इससे पिछले सत्र में क्रूड ऑयल में एक दिन की सबसे बढ़ी तेजी देखने को मिली थी। यह तेजी यूएस प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के बाद आई थी, जिसमें ट्रंप ने कहा था कि उन्होंने सऊदी अरब और रूस के बीच उत्पादन घटाने की एक डील की मध्यस्थता की थी, लेकिन यूएस के उत्पादन को घटाने की कोई पेशकश नहीं की। इस बयान के बाद गुरुवार को ब्रेंट ऑयल के वायदा भाव में 21 फीसद का जबरदस्त उछाल आया था, जो अब शुक्रवार को तीन फीसद या 9 सेंट की गिरावट के साथ 29.05 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेंड कर रहा था।
यूएस डब्ल्यूटीआई क्रूड फ्यूचर्स की बात करें, तो इसमें भी गुरुवार को तेज उछाल मिलने के बाद शुक्रवार को गिरावट देखने को मिल रही है। WTI क्रूड के फ्यूचर भाव में गुरुवार को 24.7 फीसद का उछाल आया था, जो शुक्रवार को 5.2 फीसद या 1.32 डॉलर की गिरावट के साथ 23.98 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेंड कर रहा था।
तेल के भाव में शुक्रवार को आई यह गिरावट सऊदी अरब और रूस के बीच प्राइस वॉर के खत्म होने पर बजार के संदेह को दर्शाती है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने गुरुवार शाम व्हाइट हाउस में रिपोर्टर्स से बात करते हुए कहा था कि उन्होंने यूएस के तेल उत्पादन में कटौती की कोई पेशकश नहीं की है।
विश्लेषकों का कहना है कि अगर रूस और सऊदी अरब उत्पादन में 15 मिलियन बैरल प्रति दिन की भी कटौती के लिए सहमत होते हैं, तो भी एक बड़ी आर्थिक मंदी की दशा में यह बाजार को संतुलित करने के लिए पर्याप्त नहीं होगा।
जहां एक तरफ शुक्रवार को क्रूड ऑयल की कीमतों में गिरावट देखी गई है, तो वहीं भारत के कई बड़े शहरों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। यहां पेट्रोल-डीजल अपनी पिछली कीमत पर ही बिक रहा है।