एक साथ 2 नए क्रूज की शुरुआत! 2200 से अधिक लोगों को लग्जरी सुविधा और इंटरनेशल ट्रिप, सिर्फ इतने किराए में पूरी होगी यात्रा
कॉर्डेलिया क्रूज ने भारत में अपने परिचालन का विस्तार करते हुए मुंबई और कोच्चि से एक साथ दो जहाजों का संचालन शुरू किया है।

कॉर्डेलिया क्रूज के 2 नए ऑपरेशन शुरू
HighLights
कॉर्डेलिया क्रूज ने मुंबई और कोच्चि से दो जहाज लॉन्च किए।
गोवा, लक्षद्वीप, मालदीव, श्रीलंका के लिए क्रूज यात्रा उपलब्ध।
2027 में तीसरा जहाज, कॉर्डेलिया सन, शामिल करने की योजना।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| भारत में क्रूज पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में कॉर्डेलिया क्रूज ने अपने ऑपरेशन का विस्तार किया है। कंपनी अब मुंबई और कोच्चि, दोनों बंदरगाहों से एक साथ दो जहाज ऑपरेट कर रही है। इसके साथ ही कंपनी पहली बार भारत में दो अलग-अलग होमपोर्ट से एक साथ क्रूज सर्विस दे रही है। कंपनी के जहाज कॉर्डेलिया स्काई ने मुंबई से और कॉर्डेलिया एम्प्रेस ने कोच्चि से इसे शुरू किया है।
कंपनी के मुताबिक, इस क्रूज टूरिस्म को बढ़ावा से यात्रियों को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय टूरिस्म के लिए अधिक ऑप्शन मिलेंगे। अब मुंबई और कोच्चि से गोवा, लक्षद्वीप, मालदीव और श्रीलंका के लिए क्रूज यात्रा की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा दो और तीन रात के वीकेंड क्रूज भी ऑपरेट किए जाएंगे।
23 अक्टूबर को मुंबई पोर्ट पर दोनों जहाजों का एक साथ ऑपरेशन शुरू हुआ। इस दौरान दोनों जहाजों को मिलाकर करीब 6,000 यात्रियों का चढ़ना और उतरना हुआ। कॉर्डेलिया स्काई ने मुंबई से अपनी पहली यात्री यात्रा शुरू की, जबकि कॉर्डेलिया एम्प्रेस अपने नए होमपोर्ट कोच्चि की ओर रवाना हुई। इसके बाद दोनों जहाज भारत के पश्चिमी तट के पास समुद्र में एक साथ नजर आए।
मुंबई से मिलेंगे कई ऑप्शन
कंपनी के बेड़े में शामिल नया जहाज कॉर्डेलिया स्काई 23 अक्टूबर 2026 को अपनी पहली यात्री यात्रा पर रवाना हुआ। यह मुंबई से दो और तीन रात के वीकेंड क्रूज, चार रात के लक्षद्वीप क्रूज और गोवा साथ ही लक्षद्वीप को जोड़ने वाले 5 रात के यात्रा पैकेज ऑपरेट करेगा।
जहाज में एक बार में 2,280 यात्रियों के ठहरने की क्षमता है। इसमें कुल 1,002 केबिन हैं। इनमें 245 मिनी सुइट, 11 पेंटहाउस सुइट और चार चेयरमैन सुइट शामिल हैं। यात्रियों के मनोरंजन के लिए जहाज पर अलग-अलग तरह के फूड आयटम्स, लाइव कार्यक्रम, हाई लेवल शो, खेल, वेलनेस और खुले स्थानों में इंटरटेनमेंट की सुविधाएं उपलब्ध हैं।
कोच्चि से मालदीव और श्रीलंका की यात्रा
कॉर्डेलिया एम्प्रेस ने कोच्चि से भी क्रूज शुरू कर दिया है। इससे दक्षिण भारत के यात्रियों को क्रूज यात्रा के लिए एक नया विकल्प मिला है। कोच्चि से 2 रात के वीकेंड क्रूज के अलावा 3 और 4 रात के लक्षद्वीप क्रूज चलाए जाएंगे। कंपनी 5 रात का अंतरराष्ट्रीय क्रूज भी चलाएगी, जो कोच्चि से मालदीव की राजधानी माले और श्रीलंका के कोलंबो को जोड़ेगा। इसके अलावा लक्षद्वीप के कवरत्ती और मिनिकॉय द्वीपों तक पहुंचने के लिए भी क्रूज यात्रा के विकल्प मिलेंगे।
2027 में तीसरा जहाज जोड़ने की तैयारी
कंपनी ने बताया कि कॉर्डेलिया स्काई के ऑपरेशन से पहले मुंबई में जहाज के आने और क्रूज प्रीमियर समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। पहली यात्रा से पहले जहाज के पूल डेक पर स्वागत समारोह भी हुआ, जिसमें यात्रियों, अधिकारियों और चालक दल के सदस्यों ने हिस्सा लिया।
ये भी पढ़ें: अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ी चावल सप्लाई की टेंशन, भारत के पास 2.5 करोड़ टन निर्यात की क्षमता! फिर बढ़ेगी महंगाई?
साल 2021 में ऑपरेशन शुरू करने के बाद से कॉर्डेलिया क्रूज अब तक 8 लाख से अधिक यात्रियों को यात्रा करा चुकी है। कंपनी के बेड़े में 2027 में कॉर्डेलिया सन को भी शामिल करने की योजना है। इससे कंपनी की यात्री क्षमता बढ़ाने और भारत से क्रूज पर्यटन के अधिक विकल्प उपलब्ध कराने की योजना को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
टिकट के दाम कितने हैं?
- मुंबई–मुंबई (2 रात): ₹61,000 से
- मुंबई–गोवा (2 रात, वन-वे): ₹53,000 से
- मुंबई–गोवा–मुंबई (3 रात): ₹92,000 से
- मुंबई–लक्षद्वीप–मुंबई (4 रात): ₹1,18,000 से
- मुंबई–गोवा–लक्षद्वीप (5 रात): ₹1,45,000 से
- मुंबई–कोच्चि (2 रात, वन-वे): ₹53,000 से
- मुंबई–कोच्चि–मुंबई (3 रात): ₹92,000 से
ये इंटीरियर केबिन के शुरुआती किराये हैं जो वेबसाइट पर दिख रहे हैं। इसमें एक्स्ट्रा टैक्स जोड़कर किराया और बढ़ सकता है। बता दें कि बिल की EMI भी की जाती है जो लगभग ₹5 हजार से शुरू हो सकती है।
