हरे निशान में रहा बाजार: सेंसेक्स और निफ्टी दोनों मामूली बढ़त के साथ बंद
सेंसेक्स आज 121.72 अंकों की बढ़त के साथ 40408.20 पर खुला। निफ्टी आज 32.1 अंकों की बढ़त के साथ 11904.20 पर खुला।
नई दिल्ली, बिजनेस डेस्क। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स 70.21 अंकों की बढ़त के साथ 40,356.69 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 23.20 अंकों की उछाल के साथ 11,895.30 पर बंद हुआ। निफ्टी के 50 शेयरों में से 19 हरे निशान और 31 लाल निशान पर बंद हुए। सेंसेक्स आज 121.72 अंकों की बढ़त के साथ 40,408.20 पर खुला। उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी आज 32.1 अंकों की बढ़त के साथ 11,904.20 पर खुला।
दिन में कारोबार के दौरान एक समय सेंसेक्स 363 अंक तक चढ़ गया था। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 23.35 अंक यानी 0.20 फीसद की बढ़त के साथ 11,895.45 अंक पर बंद हुआ। कम कारोबारी सत्रों वाले सप्ताह में सेंसेक्स साप्ताहिक आधार पर 33.08 अंक या 0.08 फीसद लाभ में रहा।
वहीं निफ्टी साप्ताहिक आधार पर 12.7 अंक या 0.10 फीसद चढ़ा। सेंसेक्स की कंपनियों में भारती एयरटेल में सबसे ज्यादा 8.42 फीसद की तेजी आई। इस तरह की खबरें आई हैं कि सरकार मोबाइल सेवाओं के लिए शुल्क दरों की न्यूनतम सीमा तय करने पर विचार कर रही है। अन्य कंपनियों में एसबीआई, कोटक बैंक, सन फार्मा, टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाटा स्टील के शेयर 5.19 फीसद तक चढ़े। इसके विपरीत हीरो मोटोकॉर्प, बजाज ऑटो, मारुति, आईटीसी, वेदांता, एनटीपीसी और टेक महिंद्रा के शेयर 1.85 फीसद तक गिर गए।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस सप्ताह आए कमजोर वृहद आर्थिक आंकड़ों तथा सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर और सुस्त पड़ने की आशंका से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। आशिका स्टॉक ब्रोकिंग के अध्यक्ष (इक्विटी रिसर्च) पारस बोथरा ने कहा, ‘‘इस तरह की खबरों के बाद कि दूरसंचार विभाग डेटा और वॉयस शुल्क दरों की न्यूनतम सीमा तय कर सकता है, दूरसंचार कंपनियों के शेयरों में तेजी रही। भारत और अमेरिका के बीच व्यापार विवाद सुलझने की उम्मीद से धातु कंपनियों के शेयरों में भी तेजी रही।’’