चीन ने भारत और जापान से आने वाले रसायनों पर लगाया डंपिंग रोधी शुल्क
चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने बताया कि आयात की डंपिंग रोधी जांच के बाद अंतिम फैसला लेते हुए यह शुल्क लगाया जा रहा है
नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। चीन ने आर्थो डाइक्लोरोबेंजीन (ओडीसीबी) रसायन पर डंपिंग रोधी शुल्क लगाने की घोषणा की है, जिसे भारत और जापान से आयात किया जाता है। यह शुल्क बुधवार से ही लागू कर दिया गया है।
इन उत्पादों की डंपिंग से घरेलू उद्योगों को काफी नुकसान हो रहा था। चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने बताया कि आयात की डंपिंग रोधी जांच के बाद अंतिम फैसला लेते हुए यह शुल्क लगाया जा रहा है। विशेष बात यह है कि चीन ने यह शुल्क लगाने की घोषणा ऐसे समय में की है जब भारत के वाणिज्य सचिव अनूप वधावन यहां आए हुए है और उनकी चीन के उप वाणिज्य मंत्री वांग शाउवेन के साथ मंगलवार को व्यापार वार्ता हुई है।
वार्ता के दौरान इन दोनों पक्षों ने बढ़ते व्यापार घाटे के संबंध में चर्चा की। पिछले साल 95.54 अरब डॉलर के द्विपक्षीय व्यापार में भारत का व्यापार घाटा 57.86 अरब डॉलर पर पहुंच गया था। बुधवार से ही भारत और जापान से आयातित ओडीसीबी रसायन पर 31.9 फीसद से 70.4 फीसद की दर से शुल्क लिया जाएगा। यह शुल्क पांच वर्षों के लिए लगाया गया है। यह जानकारी चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने दी है।
घरेलू उद्योगों की ओर से मिली शिकायतों के बाद मंत्रालय ने जनवरी 2018 में डंपिंग रोधी जांच की शुरुआत की थी। जानकारी के लिए आपको बता दें कि ओडीसीबी का इस्तेमाल उन रसायन उत्पादों के विनिर्माण में होता है, जो मुख्य रूप से कीटनाशक, दवाइयां और डाई बनाने के काम आते हैं।