Investment की ABCD सीखेंगे स्कूली बच्चे: 21 हजार बच्चों को ऐसे निवेश के गुर सिखाएगा CDSL, क्या है पूरा प्लान?
CDSL इन्वेस्टर प्रोटेक्शन फंड (IPF) ने युवा अनस्टॉपेबल के साथ मिलकर 60 स्कूलों के 21 हजार छात्रों को वित्तीय साक्षरता सिखाने की पहल की है।

स्कूली बच्चों को CDSL सिखाएगा निवेश और बचत के गुर अमर चित्र कथा कॉमिक्स के जरिए
HighLights
CDSL IPF और युवा अनस्टॉपेबल की वित्तीय साक्षरता पहल।
60 स्कूलों के 21 हजार छात्रों को मिलेंगी कॉमिक्स।
बचत, निवेश और वित्तीय प्रबंधन सिखाएंगी ये कॉमिक्स।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| अब स्कूली बच्चे भी निवेश, बचत और पैसों के सही मैनेजमेंट के गुर सीखेंगे। सेंट्रल डिपॉजिटरी सर्विसेज (इंडिया) लिमिटेड यनी CDSL इन्वेस्टर प्रोटेक्शन फंड (IPF) ने युवा अनस्टॉपेबल के साथ मिलकर एक बेहतरीन शुरुआत की है। इस पहल के तहत देश के 60 स्कूलों के करीब 21 हजार छात्रों को मशहूर अमर चित्र कथा की कॉमिक्स बांटी जाएंगी, जिनका विषय वित्तीय साक्षरता (Financial Literacy) होगा।
कॉमिक्स में क्या है खास?
CDSL आईपीएफ और अमर चित्र कथा ने मिलकर ऐसी चित्रात्मक कहानियां तैयार की हैं, जो बच्चों को बचत, निवेश और जिम्मेदार वित्तीय व्यवहार के बारे में सिखाएंगी। ये कहानियां बच्चों की उम्र और उनकी समझ के हिसाब से बनाई गई हैं ताकि फाइनेंस जैसी भारी-भरकम चीजें उन्हें आसानी से समझ आ जाएं।
12 भाषाओं में मिलेगा ज्ञान
खास बात यह है कि ये कॉमिक सीरीज 12 भाषाओं में उपलब्ध है। हालांकि, शुरुआत में इसे अंग्रेजी, हिंदी, मराठी, गुजराती और उर्दू में बांटा जा रहा है। अभी जो कॉमिक्स दी जा रही हैं, वे बड़ी कक्षाओं के छात्रों के लिए हैं, जबकि छोटी कक्षाओं के लिए भी ऐसी ही कॉमिक्स पर तेजी से काम चल रहा है।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स?
CDSL IPF सचिवालय प्रमुख सुधीश पिल्लई ने बताया कि, "फाइनेंशियल लिटरेसी एक ऐसा गुण है, जिसे कम उम्र में सीखना सबसे अच्छा होता है। जिस तरह निवेश में कंपाउंडिंग का फायदा मिलता है, वैसा ही फायदा बचपन से सीखने में भी है। इन कॉमिक्स के जरिए हमारा मकसद बच्चों में कम उम्र से ही सही वित्तीय आदतें डालना है।"
युवा अनस्टॉपेबल के संस्थापक अमिताभ शाह ने बताया कि "स्कूल वो जगह है जहां बच्चे जिंदगी भर काम आने वाले गुण सीखते हैं। हमें खुशी है कि CDSL IPF के साथ मिलकर हम स्कूलों तक यह जरूरी शिक्षा पहुंचा रहे हैं।"
वहीं, गायत्री चंद्रशेखरन ने बताया कि अक्सर बच्चों से पैसों के बारे में बात नहीं की जाती। हम ऐसी कहानियां बना रहे हैं जो बचत और निवेश को मजेदार तरीके से समझाएंगी।
-1789653100540.webp)
मल्टीमीडिया अप्रोच का इस्तेमाल
वित्तीय साक्षरता को और दिलचस्प बनाने के लिए CDSL IPF ने कई किताबें तैयार की हैं, जैसे- 'द अनऑफिशियल उस्ताद', 'द गोल्डन पीकॉक फ्रॉड' और 'द गार्डन ऑफ प्रॉस्पेरिटी'। ये प्रिंट और डिजिटल दोनों में उपलब्ध हैं। 'द गार्डन ऑफ प्रॉस्पेरिटी' पर तो एक एनिमेटेड फिल्म भी बनाई गई है। प्रिंट, डिजिटल और वीडियो के जरिए CDSL का लक्ष्य है कि वित्तीय साक्षरता हर बच्चे तक पहुंचे।
