फंसे कर्ज उच्चतम स्तर पर, अब घटने की उम्मीद
जेटली ने रिजर्व बैंक और वित्त मंत्रालय के बीच मतभेद की अटकलों को भी खारिज किया। वह बोले कि दोनों के बीच परिपक्व स्तर के संबंध हैं।
नई दिल्ली, प्रेट्र। फंसे कर्ज (एनपीए) के बढ़ते स्तर को लेकर वित्त मंत्री अरुण जेटली की ओर से आश्वासन दिया गया है। उन्होंने कहा है कि एनपीए अपने चरम पर पहुंच गए हैं। स्टील, राजमार्ग और चीनी सहित छह दबाव वाले सेक्टरों में स्थिति सुधरने के साथ हालात में बदलाव होगा। उन्हें भरोसा है कि अच्छे मानसून को देखते हुए आने वाले महीने में आर्थिक विकास की रफ्तार बढ़ेगी।
जेटली ने रिजर्व बैंक और वित्त मंत्रालय के बीच मतभेद की अटकलों को भी खारिज किया। वह बोले कि दोनों के बीच परिपक्व स्तर के संबंध हैं। फिलहाल उन्होंने केंद्रीय बैंक के गवर्नर रघुराम राजन के दूसरे कार्यकाल की संभावना के संबंध में कुछ भी बोलने से यह कहते हुए मना कर दिया कि उन्हें इस मामले में न खींचा जाए।
पढ़ेंः बैंकों के फंसे कर्ज को वसूलने में नहीं होगी देर
यहां एक कार्यक्रम में शिकरत करने पहुंचे जेटली ने यह भी बताया कि उद्योगपति विजय माल्या को भारत में वापस लाने के लिए जांच एजेंसियां कोई कसर नहीं छोड़ेंगी। माल्या पर मनी लांड्रिंग के आरोप हैं। साथ ही उनकी बंद हो चुकी एयरलाइन पर बैंकों का 9,400 करोड़ रुपये का कर्ज बकाया है।
इसके अलावा जेटली ने कहा कि मॉरीशस के साथ दोहरा कराधान निवारण संधि में संशोधन के बाद सिंगापुर के साथ भी टैक्स संधि पर बातचीत की जाएगी। इसके जरिये कैपिटल गेन्स टैक्स के प्रावधान का दायरा बढ़ाया जाएगा।
पढ़ेंः भारत का फंसा हुआ कर्ज न्यूजीलैंड की अर्थव्यवस्था से बड़ा!