बजट 2017: वित्त मंत्री अरुण जेटली ने रक्षा क्षेत्र को दिए 2.74 लाख करोड़
भारत सरकार की ओर से इस बार रक्षा व्यय के लिए 2.74 लाख करोड़ का बजट निर्धारित किया है
नई दिल्ली। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बुधवार को सदन में आम बजट 2017 पेश किया। यह पहला मौका था जब आम बजट के साथ ही रेल बजट भी पेश किया गया। इस दौरान वित्त मंत्री ने भारत सरकार की कुछ मुख्य योजनाओं को भी सभी के साथ साझा किया। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता आदि शामिल हैं। गौरतलब है कि यह पहली बार है जब बजट 1 फरवरी को पेश किया गया। इससे पहले बजट 28 या 29 फरवरी को पेश होता था।
वित्त मंत्री अरुण जेटली का भी यह चौथा बजट है। 92 साल में पहली बार ऐसा हो रहा है जब रेल बजट अलग से पेश नहीं हुआ। इस बार रेल बजट आम बजट का ही हिस्सा था। नोटबंदी के बाद इस बजट से लोगों को काफी उम्मीदें थी। वित्त मंत्री की ओर से लोगों को इनकम टैक्स में राहत दी गई।
फिलहाल बात रक्षा क्षेत्र की। भारत सरकार की ओर से इस बार रक्षा व्यय के लिए 2.74 लाख करोड़ का बजट निर्धारित किया है।
- साल 2017-18 में कुल रक्षा बजट 2,74,000 करोड़ का होगा।
- साल 2016-17 कुल रक्षा बजट 2,49,000 करोड़ रुपए था।
- साल 2016-17 में रक्षा बजट में 11 प्रतिशत की वृद्धि की गई थी जो कि बीते साल में 10.5 प्रतिशत थी।
- विशेषज्ञ की सोच थी कि वित्त मंत्री रक्षा बजट में 10 प्रतिशत की वृद्धि करें।
- साल 2017-18 के रक्षा बजट में 5.8 प्रतिशत की बढोतरी की गई है।
- सफर के लिए सैनिक अब अपने टिकिट ऑनलाइन ही बुक कर सकेंगे।