Nike के बाद Adidas भी कर सकती है 25 फीसद कर्मचारियों की छटनी
एडिडास जल्द भारत में अपने कर्मचारियों और फ्रैंचाइजी में कटौती कर सकता है
नई दिल्ली। खेल से जुड़ा सामान बनाने वाली जर्मनी की कंपनी एडिडास भारत में अपने कर्मचारियों और फ्रैंचाइज पार्टनर्स की गिनती कम कर सकती है। सूत्रों की माने तो एडिडास भारत से अगले कुछ महीनों में अपने एक-चौथाई कर्मचारियों की छटनी कर सकती है। इसके अलावा एडिडास रिलायंस के साथ भी अपने कुछ फ्रैंचाइज बेचने को लेकर चर्चा कर रहा है।
नाइकी भी कर चुकी है छटनी
आपको जानकारी के लिए बता दें कि भारत में एडिडास की प्रमुख प्रतिस्पर्धी कंपनियों में से एक नाइकी ने कुछ ही दिनों पहले भारत से अपने 20 फीसद कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया था।
शू कंपनी रिबॉक की पैरेंट कंपनी एडिडास के प्रवक्ता से जब इस खबर के संबंध में बात की गई तो उनका साफ कहना था कि वो भारत में अपना फोकस और निवेश बनाए रखेंगे और हमें जॉब से निकाले जाने को लेकर कोई जानकारी नहीं है। ऐसी खबरें पूरी तरह से काल्पनिक हैं। हम इंडस्ट्री में बिजनस पार्टनरशिप के मौके तलाशते रहेंगे।'
एडिडास के पास औद्योगिक नीति एवं संवर्धन विभाग (डीआईपीपी) से अपने स्टोर्स खोलने की मंजूरी मिल चुकी है। कंपनी अब भारत में अपने बड़े स्टोर खोल सकती है जहां सभी रेंज व कैटेगरीज के जूते-चप्पल मिलेंगे। इसके लिए एडिडास को फैंचाइजेज की जरूरत होगी, लेकिन कंपनी अपने साझेदारों को 500 से कम कर 70 तक पहुंचा चुकी है।