Corona का असर: ADB का अनुमान, वित्त वर्ष 2021 में भारत की आर्थिक विकास दर घटकर चार फीसद रह सकती है
बाजार में पिछले साल आई सुस्ती के बाद से ही भारत की विकास दर धीमी होती रही है। वित्त वर्ष 2019 में यह 6.1 फीसद से गिरकर पांच फीसद रह गई थी।
नई दिल्ली, पीटीआइ। दुनिया भर में कोरोना वायरस महामारी की वजह से पैदा हुए हेल्थ इमरजेंसी के बीच भारत की आर्थिक विकास दर में गिरावट आ सकती है। एशियाई विकास बैंक (ADB) ने अनुमान जताया है कि वित्त वर्ष 2021 में भारत की आर्थिक विकास दर घटकर चार फीसद रह सकती है। बाजार में पिछले साल आई सुस्ती के बाद से ही भारत की विकास दर धीमी होती रही है। वित्त वर्ष 2019 में यह 6.1 फीसद से गिरकर पांच फीसद रह गई थी।
एडीबी के अध्यक्ष मसात्सुगु असाकावा ने कहा, 'कई बार काफी चुनौतीपूर्ण समय का सामना करना पड़ता है। कोविड-19 से दुनिया भर में लोगों की जिंदगियां प्रभावित हुई हैं और उद्योग एवं अन्य आर्थिक गतिविधियां बाधित हो रही हैं।' बैंक ने अपने ‘एशियन डेवलपमेंट आउटलुक’ (ADO) 2020 में कहा कि भारत में सकल घरेलू उत्पाद (GDP) की वृद्धि अगले वित्त वर्ष में 6.2 फीसद तक मजबूत होने से पहले वित्त वर्ष 2021 में घटकर चार फीसद रह सकती है।
ADO 2020 के अनुसार, '2020 में दक्षिण एशिया में विकास घटकर 4.1 फीसद हो जाएगा और फिर 2021 में यह 6 फीसद तक पहुंच जाएगा। एडीओ 2020 के अनुसार, प्रमुख रूप से भारतीय अर्थव्यवस्था पर रुझान रखना जरूरी है।
2019 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद मौजूदा समय में स्वास्थ्य आपातकाल के प्रभाव में क्षेत्र (एशिया और प्रशांत) में 2020 में ग्रोथ 2.2 फीसद तक घट सकता है, इसके बाद 2021 में इसमें 6.2 फीसद का उछाल देखने को मिल सकता है। इसमें कहा गया है कि महामारी की वजह से एशिया का ग्रोथ रेट काफी हद तक कमजोर हो जाएगा।