अंबानी परिवार एशिया का तीसरा सबसे धनी घराना
अंबानी परिवार का जलवा समूचे एशिया में कायम है। यह घराना एशिया के 50 सबसे दौलतमंद परिवारों में तीसरे नंबर पर है।
वाशिंगटन। अंबानी परिवार का जलवा समूचे एशिया में कायम है। यह घराना एशिया के 50 सबसे दौलतमंद परिवारों में तीसरे नंबर पर है। अमेरिकी बिजनेस पत्रिका फोर्ब्स ने इस परिवार की संपत्ति 21.5 अरब डॉलर बताई है। इसमें दोनों अंबानी भाइयों- मुकेश और अनिल की संपत्ति शामिल है। फोर्ब्स की इस 50 दौलतमंदों की सूची में भारत के कुल 14 खरबपति परिवारों ने जगह बनाई है।
फोर्ब्स की गुरुवार को जारी सूची के अनुसार शीर्ष दस में भारत के चार अरबपति परिवारों को जगह मिली है। अंबानी परिवार पेट्रोलियम एवं दूरसंचार सहित कई क्षेत्रों में कारोबार कर रहा है। दोनों भाइयों ने वर्ष 2002 में पिता धीरूभाई अंबानी के निधन के बाद अलग-अलग कारोबार शुरू किया था। फोर्ब्स के मुताबिक, मुकेश अंबानी का बेटा आकाश और बेटी ईशा समूह की टेलीकॉम कंपनी रिलायंस जियो इंफोकॉम एवं खुदरा कारोबार यूनिट रिलायंस रिटेल के डायरेक्टर हैं। वहीं, अनिल अंबानी का बेटा जय अनमोल भी समूह की वित्तीय फर्म रिलायंस कैपिटल से जुड़े हैं।
आईटी सहित विविध कारोबार करने वाला अजीम प्रेमजी परिवार 17 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ सातवें स्थान पर है। अजीम प्रेमजी देश की तीसरी बड़ी आइटी कंपनी विप्रो के मुखिया हैं। उनकी एक कंपनी तेल और लाइटिंग उत्पाद के कारोबार में है। हिंदुजा परिवार 15 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ नौवें और मिस्त्री परिवार 14.9 अरब डॉलर के साथ दसवें स्थान पर है।
फोर्ब्स के कवर पेज पर जगह पाए बर्मन परिवार ने 5.5 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ इस सूची में 30 वां स्थान हासिल किया है। परिवार की पांचवीं पीढ़ी के मुखिया एवं डाबर समूह के नॉन एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर आनंद बर्मन के नेतृत्व में कंपनी ने 1998 से अब तक अपनी बाजार पूंजी में 40 गुना बढ़ोतरी की है। अभी कंपनी के पास विभिन्ना श्रेणियों के 400 उत्पादों का पोर्टफोलियो है। बर्मन परिवार की डाबर लिमिटेट में 68 प्रतिशत की हिस्सेदारी है।
सूची में ली परिवार अव्वल
पत्रिका ने कहा कि सैमसंग समूह का नियंत्रण रखने वाले ली परिवार 26.6 अरब डॉलर की सपंत्ति के साथ इस सूची में शीर्ष पर है। हेंडरसन लैंड डेवलपमेंट कंपनी के हांगकांग का ली परिवार 24.1 अरब डॉलर के साथ दूसरे स्थान पर है। सूची में शामिल लगभग आधे परिवार चीनी मूल के हैं, लेकिन इनमें से कोई भी चीन में नहीं रहता है।
ये घराने जगह बनाने से चूके
पत्रिका ने कहा कि इस सूची में शामिल होने के लिए संपत्ति की निम्नतम सीमा 2.9 अरब डॉलर तय की गई है। कुछ भारतीय अरबपति परिवार मामूली अंतर से इस सूची में शामिल होने से वंचित रह गए। इनमें शामिल गोयनका परिवार दो अलग-अलग समूह चलाता है।
- 1-गोयनका परिवार 2.75 अरब डॉलर
- 2-पार्ले का चौहान परिवार 2.7 अरब डॉलर
- 3-डीएलएफ का सिंह परिवार 2.65 अरब डॉलर
- 4-मैरिको का मारीवाला परिवार 2.55 अरब डॉलर
- 5-बर्जर पेंट का सिंह परिवार 2.5 अरब डॉलर
- 6-भारत फोर्ज का कल्याणी परिवार 2.1 अरब डॉलर