तेज मारक क्षमता वाले लड़ाकू विमान राफेल को 2020 में भारतीय वायुसेना का हिस्सा बनाया गया है। फ्रांस से खरीदा गया यह विमान अपनी खूबियों के चलते काफी चर्चा में रहा। अब पंजाब के एक शख्स ने राफेल विमान की तरह दिखने वाला वाहन बनाकर चर्चा बटोर ली है। शख्स ने राफेल जैसे वाहन को बनाने में मोटी रकम खर्च की है।
टीवी पर राफेल देखकर बना डाला
पंजाब के भठिंडा में रहने वाले आर्किटेक्ट रामपाल बेहनीवाल अपने खास तरह के दिखने वाले वाहन को बनाकर सुर्खियों में हैं। रामपाल बेहनीवाल ने बताया कि उन्होंने जब पहली बार टीवी पर राफेल विमान को देखा तो हूबहू वाहन बनाने का विचार उनके दिमाग में घूमने लगा। लॉकडाउन के दौरान वक्त का सदुपयोग करते हुए उन्होंने अपने विचार को हकीकत में तब्दील कर दिया।
डेढ़ महीने में बना पंजाब राफेल
रामपाल के मुताबिक फाइटर जेट राफेल से प्रेरित होकर उन्होंने उसके जैसा दिखने वाला वाहन बनाया है। उसे पंजाब राफेल का नाम भी दिया है। डेढ़ महीने में बने पंजाब राफेल वाहन में ड्राइवर समेत 3-4 लोग बैठ सकते हैं। विमान की तरह इसमें भी दो पहिये पीछे और आगे दो पहिए एक साथ लगे हुए हैं। राफेल जैसा आगे का हिस्सा नुकीला होने के साथ विंग्स और टेल भी बनाई है।
20 किमी. की रफ्तार से दौड़ने में सक्षम
राफेल विमान की तरह दिखने वाले वाहन में फर्क ये है कि यह वाहन उड़ने की बजाय जमीन यानी सड़क पर दौड़ता है। इसमें कार के इंजन का इस्तेमाल किया गया है। एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार रामपाल का पंजाब राफेल 15 से 20 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार चलता है। रामपाल ने बताया कि पंजाब राफेल बनाने में उन्हें ढाई से तीन लाख रुपये खर्च करने पड़े।
दूल्हा दुल्हन के लिए इस्तेमाल करने की तैयार
रामपाल के खास डिजाइन वाले इस वाहन को देखने के लिए लोग जुट रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस वाहन की खास डिमांड को देखते हुए वह इसे शादी समारोह में दूल्हा दुल्हन के वाहन के रूप में इस्तेमाल करने पर विचार कर रहे हैं। इसके लिए वह पिछले हिस्से में खास तरह की सीट भी लगवाने की तैयारी बना रहे हैं।
Read more: गिद्ध पक्षी के लिए 10 साल बाद दूसरी दवा पर बैन लगा
जू में खांसते मिले वनमानुष कोरोना पॉजिटिव निकले
Read Comments