- 119 Posts
- 1950 Comments
पृथ्वी पर अद्भुत खानदानी खगोलिये ग्रह एक साथ नजर आने वाले हैं। बरसों बाद यह संयोग बन रहा है। जब खतरनाक ग्रह एक साथ एक पंगत में खड़े मिलेंगे। इस विचित्र खगोलिये खानदानी ग्रह चक्रम के विहंगम क्षण को कैमरे में कैद करने के लिये वैज्ञानिक से लेकर नामचीन ज्योतिष अभी से गणना व भविष्यवाणी करने में जुटे हैं। आम आदमी इस खगोलिये घटनाचक्र को आम जीवन पर पडऩे वाले कुचक्रों व कुप्रभावों का लेखा-जोखा जानने को उत्सुक हैं। तुला राशि के जातकों के लिये यह खगोलिये खानदानी घटनाक्रम ज्यादा सुख-शांति लेकर आने वाला है। मीन, सिंह व मकर राशि वाले कानूनी लफड़े में पड़ेंगे। उन्हें चाहिये कि वो ऊंट को पानी पिलायें। वृश्चिक वालों के घर लक्ष्मी की कृपा होगी। बस वो सुबह-शाम दो घंटे खुले में सैर करें। खगोलविदें व वैज्ञानिकों का मानना है कि इस संयोग व ग्रहों के संकोची मिलन को नंगे, खुली आंखों से देखना सभी जातकों के लिये शुभ होगा। बस वो रात में सोने से पूर्व घोड़े का चित्र माथे के नीचे लेकर आराम से सो जायें। इस खानदानी ग्रह गोचर की मनोदशा बिल्कुल शांत है जो याचकों के सप्तम भाव में स्थित होने के कारण अधिक शुभदायी, फलदायी है। चंद्र यानी सोनिया, केतु मेनिका, सूर्य वरूण व वृहस्पति राहुल के एक साथ मिलन ने राहु को नीच स्थान पर ला दिया है। इससे मंगल यानी प्रियंका को खुलकर सूर्य वरूण की शादी में नाचने-गाने का संयोग दिख रहा है। बस वो थोड़ा हाथों में सात रत्ती का मौन सोने में शनिवार को धारण कर लें ताकि सूर्य की साढ़े साती से बच सकें। चंद्र की तरह चंद्राकार सोनिया तृतीय भाव में स्थित है। इसलिये इनका आशीष सूर्य वरूण को मिलने का योग वृहस्पति राहुल की अंतरदशा के कारण बनता दिख रहा है। ज्योतिषाचार्यों ने अलग-अलग भविष्यवाणी शुरू कर दी है। टीवी 10 जनपथ दिखा रहा है कि कैसे खानदानी सूर्य वरूण ने आकर चंद्र माता सोनिया को खानदानी ग्रह मिलन समारोह में आने का न्योता दे रहे हैं। एक्सक्लूसिव खबर टीवी बीजेपी पर आ रही है। खानदानी ग्रह मिलन में 71 साल पुरानी नेहरू के हाथों से बुनी साड़ी जिसे नेहरू ने 1940 में जेल के अंदर समय गुजारते बुनी थी पहन कर केतु मोनिका कैसी लगेगी। आइये हमारे साथ जुड़े हैं टीवी बीजेपी के वरिष्ठ संवाददाता मि. नितिन यशवंत आडवाणी। हां तो मि. एनवाईए क्या खबर है, देखिये एंकर मि.कांग्रेसी मेनिका को शादी में इंदिरा से मिली गुलाबी रंग की बनारसी साड़ी पहनकर सूर्य वरूण संग फेरे लेंगी ग्रह यामिनी। अभी-अभी खबर मिली है मि.कांग्रेसी कि कमला नेहरू की सौ साल पुरानी बनारसी साड़ी में ग्रह यामिनी रिसेप्शन में दिखेंगी। हमारे पास एक्सपर्ट के रूप में मौजूद हैं जाने-माने झाड़-फूंक खगोलविद ज्योतिषाचार्य नीतीश यादव। हां तो एनवाई कैसा रहेगा ग्रहों का मिलन। देखिये एंकर मि.कांग्रेसी सूर्य के साथ जिस ग्रह का समावेश होने वाला है 6 मार्च को उसे खानदानी ग्रह वाले पूरी तरह खुद में समेट सूर्य के बेहद नजदीक उसे रख देंगे। दोनों के संयोग से एक नये ग्रह की उत्पत्ति का संयोग बन रहा है जो देश की राजनीति को बदल देगा। वहीं वृहस्पति का भी नये घर में जाने का संयोग वर्ष 2011 के अंत तक दिख रहा है। साफ है कि खानदानी ग्रहों का अभी एक दूसरे के घरों में प्रवेश का योग बन रहा है। हमारे साथ जुड़े हैं ज्योतिषाचार्य मि.बिल्लास्वामी। हां तो स्वामी जी खानदानी खगोलिये घटनाक्रम के मिलन से नया क्या देख रहे हैं आप। देखिये, ग्रह योग की नजर वक्र है। इसमें चंद्र, केतु, सूर्य व वृहस्पति की सत्ता को राहु से पंचम स्थान में खतरा…। हमारा संपर्क स्वामी जी से टूट गया है। जल्द लौटते हैं। बने रहियेगा हमारे साथ खानदानी खगोलिये ग्रह मिलन में। दिखायेंगे हम कैसे कांग्रेसी बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ नाच-गा रहे हैं। किस रंग की घोड़ी पर सवार होंगे सूर्य, चंद्र, केतु, मंगल को नाचते पहली बार दिखायेंगे हम सिर्फ इसी चैनल पर। बने रहिये हमारे साथ जल्द लौटते हैं मेरे नेता की शादी है मैें… तब तक एक ब्रेक।
Read Comments