पिता ने बेटी से की गलत हरकत, गुस्सायी मां ने आबरू बचाने के लिए पति पर फेंका तेजाब
पिता अपनी बेटी पर ही बुरी नजर रखने लगा। उसकी गलत हरकत से नाराज पत्नी ने तेजाब फेंक कर पति को बुरी तरह जख्मी कर दिया। बाद में पत्नी ने खुद पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण भी कर दिया।
पश्चिमी चंपारण [जेएनएन]। बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के मधुबनी में पिता ने बेटी से गलत हरकत की तो गुस्साई पत्नी ने तेजाब फेंक कर पति को बुरी तरह जख्मी कर दिया। बाद में पत्नी ने खुद पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण भी कर दिया। घायल पति को इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है। घटना शनिवार की देर रात थाने के एक गांव में घटी।
तेजाब फेंकने की आरोपित महिला ने पुलिस को बयान दिया है कि उसका पति दुराचारी है। उसने पुत्री की आबरू लूटने की कोशिश की। पुत्री को बचाने के लिए पति के शरीर पर तेजाब फेंक दिया। हालांकि अब तक की पुलिसिया जांच में मामला पारिवारिक विवाद का सामने आया है। बहरहाल पुलिस को तेजाब से जख्मी पति के बयान का इंतजार है।
धनहा थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची तो तेजाब से जख्मी व्यक्ति अपने घर में छटपटा रहा था। पुलिस अभिरक्षा में उसे अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे गोरखपुर रेफर कर दिया। जख्मी का बयान लेने के लिए पुलिस गोरखपुर मेडिकल कॉलेज गई है। आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।