पश्चिम चंपारण में 150 करोड़ से बनेगा 200 बेड का नया सदर अस्पताल, तैयारी शुरू
Bihar Health Infrastructure: पश्चिम चंपारण जिले में 150 करोड़ रुपये की लागत से 200 बेड का नया सदर अस्पताल बनाने ...और पढ़ें

नया परिसर बनने से बेतिया और आसपास के लाखों लोगों को सीधी स्वास्थ्य राहत मिलेगी।
HighLights
पश्चिम चंपारण में 200 बेड का नया सदर अस्पताल बनेगा।
निर्माण पर करीब 150 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
अस्पताल में आईसीयू और मॉडरेट ओटी की सुविधा होगी।
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। Bettiah Sadar Hospital: पश्चिम चंपारण जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ी पहल शुरू की गई है।
जिले में आधुनिक सुविधाओं से लैस 200 बेड के नए सदर अस्पताल निर्माण की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। इसके निर्माण पर करीब 150 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया गया है।
हजारी पशु मेला में जमीन
अस्पताल निर्माण के लिए हजारी स्थित पशु मेला ग्राउंड में 8.30 एकड़ जमीन चिह्नित कर स्वास्थ्य विभाग को प्रस्ताव भेज दिया गया है।
विभागीय स्तर से मंजूरी मिलने के बाद आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया और निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। नया परिसर बनने से बेतिया और आसपास के लाखों लोगों को सीधी स्वास्थ्य राहत मिलेगी।
आईसीयू व मॉडरेट ओटी
जिला स्वास्थ्य समिति के प्रभारी जिला योजना समन्वयक अमित कुमार ने बताया कि नए अस्पताल में आईसीयू और मॉडरेट ऑपरेशन थिएटर की अत्याधुनिक व्यवस्था रहेगी।
इससे गंभीर रूप से बीमार मरीजों और सर्जरी के मामलों का स्थानीय स्तर पर ही सफल उपचार हो सकेगा। अस्पताल परिसर में विभिन्न विशिष्ट चिकित्सा विभागों के लिए अलग ब्लॉक और आधुनिक उपकरण स्थापित किए जाएंगे।
जीएमसीएच पर घटेगा दबाव
नए सदर अस्पताल के अस्तित्व में आने से गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच) बेतिया पर मरीजों का अत्यधिक बोझ कम होगा।
बढ़ती आबादी और प्रतिदिन अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों की संख्या को देखते हुए इस नई स्वास्थ्य व्यवस्था को मील का पत्थर माना जा रहा है। गंभीर मरीजों को इलाज के लिए पटना या अन्य बड़े शहरों में रेफर करने की विवशता पर भी रोक लगेगी।
