विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिम चंपारण में 81 शिक्षकों के प्रमाण पत्रों की फिर से होगी जांच, निगरानी विभाग ने उठाए सवाल

Published: Thu, 13 Aug 2026 07:12 PM (IST)

पश्चिम चंपारण जिले में 81 शिक्षकों के शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की दोबारा जांच होगी, क्योंकि निगरानी विभाग ने कई प्रमाण ...और पढ़ें

इसमें एआई जनरेटेड तस्वीर लगाई गई है।

इसमें एआई जनरेटेड तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. पश्चिम चंपारण में 81 शिक्षकों के प्रमाण पत्र दोबारा जांचे जाएंगे।

  2. निगरानी विभाग ने कई प्रमाण पत्रों को अस्पष्ट पाया है।

  3. बेतिया, बगहा-दो के शिक्षकों से स्पष्ट प्रति मांगी गई।

संवाद सहयोगी, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। जिले के 81 शिक्षकों के शैक्षणिक और प्रशैक्षणिक प्रमाण पत्रों की दोबारा जांच की जाएगी। निगरानी विभाग की ओर से कई प्रमाण पत्रों को अपठनीय और अस्पष्ट बताए जाने के बाद जिला शिक्षा विभाग ने इस संबंध में कार्रवाई शुरू कर दी है।

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने बेतिया और बगहा-दो के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए संबंधित शिक्षकों के प्रमाण पत्रों का सत्यापन कराने को कहा है।

जानकारी के अनुसार, निगरानी जांच के दौरान शिक्षकों की ओर से पहले जमा कराए गए कई प्रमाण पत्र स्पष्ट रूप से पढ़ने योग्य नहीं पाए गए। छायाप्रतियां अस्पष्ट होने के कारण उनमें दर्ज नाम, अंक, शैक्षणिक संस्थान और अन्य विवरणों का सत्यापन करने में कठिनाई हुई। इसके बाद संबंधित शिक्षकों से प्रमाण पत्रों की स्पष्ट प्रति उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

विभागीय निर्देश के अनुसार, बेतिया प्रखंड के 13 और बगहा-दो प्रखंड के 68 शिक्षकों के प्रमाण पत्रों की जांच की जाएगी। इसके तहत मैट्रिक, इंटरमीडिएट, स्नातक, टीईटी और प्रशिक्षण संबंधी प्रमाण पत्रों का सत्यापन कराया जाएगा।

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अखिल वैभव ने दोनों प्रखंडों के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि संबंधित शिक्षकों से मैट्रिक, इंटर और स्नातक के प्रमाण पत्रों की स्पष्ट प्रतियां प्राप्त कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत उपलब्ध कराई जाएं।

आवश्यकता पड़ने पर संबंधित परीक्षा बोर्ड, विश्वविद्यालय और शैक्षणिक संस्थानों से भी प्रमाण पत्रों का सत्यापन कराया जा सकता है। शिक्षा विभाग के निर्देश के बाद दोनों प्रखंडों में प्रमाण पत्रों के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

निगरानी जांच के लिए चिह्नित शिक्षकों को 17 अगस्त तक अपने प्रमाण पत्र जमा कराने का निर्देश दिया गया है। सभी शिक्षकों को संकुल समन्वयक अथवा संकुल व्यवस्थापक के माध्यम से अपने दस्तावेज जमा करने को कहा गया है।