बिहार के पश्चिमी चंपारण में 11KV तार की चपेट में आने से दो की मौत, रास्ता साफ करते समय हुआ हादसा
West Champaran Electrocution Accident: पश्चिमी चंपारण के नरकटियागंज में 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आने से दो ...और पढ़ें

जांच करती पुलिस टीम।
HighLights
नरकटियागंज में 11 हजार वोल्ट तार से हादसा।
मिक्सर मशीन हटाते समय दो लोगों की मौत हुई।
दीपक यादव और किशुन चौधरी की पहचान हुई।
जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिमी चंपारण)। Shikarpur Police Station Narkatiaganj News: शिकारपुर थाना क्षेत्र के शेरहवा पीपरा गांव में 11 हजार वोल्ट के हाई टेंशन तार की चपेट में आने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों की पहचान खिरिया गांव निवासी दीपक यादव और शेरहवा पीपरा निवासी किशुन चौधरी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में ले लिया है।
छठियार कार्यक्रम में जा रहे थे
जानकारी के अनुसार शेरहवा पीपरा गांव निवासी जयराम चौधरी के घर पर छठियार (छठी का उत्सव) का कार्यक्रम था। दीपक यादव और किशुन चौधरी बोलेरो से रात करीब नौ बजे उसी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
रास्ते में बागीचा के पास सड़क ढलाई के लिए एक मिक्सर मशीन खड़ी थी, जिससे मार्ग पूरी तरह से बाधित था।
मिक्सर मशीन हटाते समय हादसा
रास्ता साफ करने के उद्देश्य से दोनों बोलेरो से नीचे उतरे और सड़क किनारे करने के लिए मिक्सर मशीन को हटाने लगे। इसी दौरान मिक्सर मशीन का ऊपरी हिस्सा ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के तार से छू गया।
मशीन में करंट उतरने से दोनों लोग वहीं चिपक गए और घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गई।
पुलिस ने शव कब्जे में लिया
हादसे के बाद घबराकर बोलेरो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल 112 की पुलिस टीम ने पहुंचकर शवों को निकाला। शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना की पुष्टि हो चुकी है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
