पश्चिमी चंपारण में भूमि विवाद में दंपती पर जानलेवा हमला, पति की मौत पत्नी गंभीर
पश्चिमी चंपारण के मढ़िया गांव में भूमि विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प में लक्ष्मी चौधरी की मौत हो गई, ...और पढ़ें

पार्वती देवी की चिकित्सा चल रही है। जागरण
जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। West Champaran Land Dispute: शिकारपुर थाना क्षेत्र के मढ़िया गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में गंभीर रूप से घायल लक्ष्मी चौधरी (58) की मौत हो गई।
मंगलवार की रात बेतिया स्थित जीएमसीएच में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं, उनकी पत्नी पार्वती देवी गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
खेत में दंपती पर हमला
मृतक के स्वजनों के अनुसार, लक्ष्मी चौधरी अपनी पत्नी पार्वती देवी के साथ खेत में सोहनी कर रहे थे। इसी दौरान पूर्व के भूमि विवाद को लेकर पड़ोसी शैलेश पासवान, साहेब पासवान, सागर पासवान, लालू पासवान, राजेंद्र पासवान और राजकुमारी देवी हरवे-हथियार के साथ वहां पहुंचे और दंपती पर हमला कर दिया। हमले में लक्ष्मी चौधरी का बायां हाथ और पैर टूट गया, जबकि पार्वती देवी के सिर में गंभीर चोट आई।
इलाज के दौरान मौत
स्वजन और ग्रामीण दोनों घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मणिकांत ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए बेतिया रेफर कर दिया। बेतिया में इलाज के दौरान लक्ष्मी चौधरी की मौत हो गई।
तीन कट्ठा जमीन का विवाद
बताया जाता है कि लक्ष्मी चौधरी और लालू पासवान के बीच तीन कट्ठा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
इस मामले में डीसीएलआर न्यायालय का फैसला लक्ष्मी चौधरी के पक्ष में आया था। कुछ माह पहले प्रशासन ने पुलिस की मौजूदगी में उन्हें जमीन पर कब्जा दिलाकर घेराबंदी भी कराई थी।
पुलिस कर रही छापेमारी
इसके बावजूद दोनों पक्षों के बीच विवाद जारी था। मृतक के चार बेटे हैं, जो बाहर रहकर काम करते हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
