पश्चिम चंपारण में बच्चों से भरी स्कूल वैन गड्ढे में पलटी, ग्रामीणों ने बचाई 11 मासूमों की जान
Bihar School News: मझौलिया में रेनबो इंटरनेशनल एकेडमी की बच्चों से भरी स्कूल वैन पानी भरे गड्ढे में पलट गई। ...और पढ़ें

महादलित बस्ती के युवकों और सरेह में काम कर रहे मजदूरों ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को बचाया। फोटो: जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, मझौलिया(पश्चिम चंपारण)। West Champaran School Van Accident: मझौलिया के रेनबो इंटरनेशनल एकेडमी के बच्चों से भरी स्कूल वैन बुधवार सुबह सरिसवा-महनवा रोड पर पिंजरपोल गोशाला फार्म के समीप अनियंत्रित होकर पानी भरे गड्ढे में पलट गई।
सड़क से करीब सात फीट नीचे गड्ढे में वैन गिरने के बाद उसमें सवार 11 बच्चे पानी में डूबने लगे। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर रमपुरवा नवका टोला स्थित महादलित बस्ती के युवकों और सरेह में काम कर रहे मजदूरों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया।
शीशा तोड़कर बच्चों को निकाला
ग्रामीणों ने वैन का शीशा तोड़कर बच्चों को बाहर निकालना शुरू किया। करीब 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद वैन में सवार सभी 11 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में आठ बच्चों को हल्की चोट आई है।

वैन में महनवा और डूमरी के बच्चे सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बच्चों के स्वजन मौके पर पहुंचे और स्थानीय स्तर पर उनका उपचार कराया। रमपुरवा नवका टोला निवासी मोहम्मद अमानुल्लाह अपनी बोलेरो से सभी बच्चों को उनके घर पहुंचाया।
हादसे के बाद चालक फरार
हादसे के बाद स्कूल वैन का चालक मौके से फरार हो गया। बच्चों ने बताया कि चालक मोबाइल से बात करते हुए वैन चला रहा था। इसी दौरान वैन अनियंत्रित होकर पानी भरे गड्ढे में पलट गई।
नवका टोला के गुलाब राम, गौरीशंकर पटेल और योगेंद्र राम ने भी बताया कि चालक मोबाइल से बात करते हुए वाहन चला रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वैन पलट गई और बच्चे पानी भरे गड्ढे में गिर गए।
बैग और लंच बाक्स डूबे
हादसे में बच्चों के स्कूल बैग पानी में भींग गए। कई बच्चों के लंच बाक्स भी गड्ढे में गिरकर गायब हो गए। घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वैन को पानी से बाहर निकलवाया।
थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। उधर, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी हफीजुर्रहमान ने बताया कि ईद-ए-मिलाद की सरकारी छुट्टी के दिन स्कूल का संचालन किया जाना गंभीर मामला है।
विद्यालय पर कार्रवाई की तैयारी
प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही सामने आई है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच कर विद्यालय का क्यूआर कोड रद करने की अनुशंसा की जाएगी।
