विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिम चंपारण में मछुआरों के जाल में मछली की जगह बार-बार फंस रहे अजगर, बढ़ी चिंता

Published: Wed, 02 Sep 2026 09:22 PM (IST)

पश्चिम चंपारण के नौतन में मछुआरों के जाल में मछली की जगह बार-बार विशाल अजगर फंस रहे हैं, जिससे स्थानीय ...और पढ़ें

नौतन में मछुआरों की जाल में मछली की जगह अजगर।

नौतन में मछुआरों की जाल में मछली की जगह अजगर।

HighLights

  1. नौतन में मछुआरों के जाल में बार-बार फंस रहे अजगर।

  2. गंडक नदी में 10 फीट का विशाल अजगर जाल में फंसा।

  3. वन विभाग ने अजगर को सुरक्षित निकालकर जंगल में छोड़ा।

संवाद सूत्र, नौतन (पश्चिम चंपारण)। नदी में मछली पकड़ने के लिए जाल डाला और जब उसे खींचकर बाहर निकाला तो मछली की जगह सामने था विशाल अजगर। जाल में करीब दस फीट लंबे अजगर को देखकर मछुआरों के होश उड़ गए।

वे जाल छोड़कर दूर हट गए। देखते ही देखते नदी किनारे ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। नौतन क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों में जाल में अजगर फंसने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 20 अगस्त को भी सिंगही नदी में मछली पकड़ने के दौरान जाल में विशाल अजगर फंस गया था।

गंडक नदी में जाल में फंसा अजगर

थाना क्षेत्र की मंगलपुर कला पंचायत के बरियारपुर गांव के समीप गंडक नदी की सोती में बुधवार की सुबह मछुआरे बंसी सहनी ने मछली पकड़ने के लिए जाल लगाया था। सुबह जब वह जाल निकालने पहुंचे तो उसमें मछलियों की जगह विशाल अजगर फंसा मिला। अजगर को देखते ही मछुआरा घबरा गया और शोर मचाते हुए वहां से दूर हट गया।

बाद में अन्य मछुआरे मौके पर पहुंचे। सभी ने सावधानी बरतते हुए अजगर को जाल से निकालने का प्रयास किया, लेकिन उसकी लंबाई और वजन अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली।

बताया गया कि अजगर करीब दस फीट लंबा और लगभग एक क्विंटल वजन का था। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अजगर को सुरक्षित जाल से बाहर निकालकर अपने साथ ले गई।

20 अगस्त को सिंगही नदी में भी फंसा था अजगर

इससे पहले 20 अगस्त को थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में सिंगही नदी में मछली पकड़ रहे मछुआरों के जाल में भी विशाल अजगर फंस गया था। जाल खींचने पर मछली की जगह अजगर दिखाई दिया तो मछुआरों में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ नदी किनारे जुट गई।

मछुआरों ने जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सावधानी से अजगर को जाल से बाहर निकाला। इसके बाद उसे बड़ी टोकरी में रखकर सुरक्षित किया गया। वन विभाग को सूचना देकर अजगर को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की व्यवस्था की गई।

लगातार दो घटनाओं के बाद नदी किनारे मछली पकड़ने वाले मछुआरों में भी सतर्कता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी और आसपास के जलक्षेत्र में अजगर की मौजूदगी को देखते हुए जाल निकालते समय विशेष सावधानी बरतनी जरूरी है।