पश्चिम चंपारण में 26 लाख का गांजा, बोलेरो में छिपी थी खेप, मझौलिया पुलिस ने तस्कर को पकड़ा
पश्चिम चंपारण के मझौलिया में पुलिस ने एक बोलेरो से करीब 68 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत 26 लाख ...और पढ़ें

गांजा की बरामदगी और तस्कर की गिरफ्तारी की जानकारी देते पुलिस अधिकारी । सौ- पुलिस
HighLights
मझौलिया पुलिस ने बोलेरो से 68 किलोग्राम गांजा जब्त किया।
बरामद गांजे की कीमत लगभग 26 लाख रुपये आंकी गई है।
एक तस्कर गिरफ्तार, नेपाल से मोतिहारी ले जाई जा रही थी खेप।
संवाद सूत्र, मझौलिया (पश्चिम चंपारण)। सुबह के समय सुनसान सड़क पर बोलेरो की आवाजाही पुलिस के लिए शक का कारण बनी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बखरिया-करमवा मार्ग पर निगरानी बढ़ाई और लाल सरैया दलित बस्ती के समीप बोलेरो को रोककर तलाशी ली।
डिक्की खुलते ही पुलिस के होश उड़ गए। वाहन से करीब 68 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर बोलेरो जब्त कर ली।
डिक्की में छिपाकर ला रहा था गांजा
मझौलिया पुलिस के अनुसार, बोलेरो की डिक्की में प्लास्टिक पैकेज के अंदर गांजे को अलग-अलग बंडलों में छिपाकर रखा गया था। तलाशी के दौरान चार पैकेट में कुल 67 किलो 930 ग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपित की पहचान शिकारपुर थाना क्षेत्र के पंचमेवा निवासी नबी हसन के पुत्र मुहम्मद करीमुल्ला के रूप में हुई है।
नेपाल से लाया था खेप
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार तस्कर ने बताया कि गांजे की खेप नेपाल से लाई जा रही थी। इसे मोतिहारी में डिलीवरी देना था। पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की कीमत करीब 26 लाख रुपये बताई गई है। हालांकि, गांजे की कीमत और तस्करी से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि पुलिस को बखरिया-करमवा मार्ग से गांजे की खेप ले जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस टीम ने मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू कर दी। इसी दौरान बोलेरो आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो गांजे की खेप बरामद हो गई।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश
गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ के आधार पर पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। उसकी निशानदेही पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गांजा तस्करी के इस नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।
